पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • Saria News All The Officers Slipped As Soon As The Government Went To Dc From Your Door Program The Complainant Remained Standing With The Application

सरकार आपके द्वार कार्यक्रम से डीसी के जाते ही खिसक गए सभी अधिकारी, आवेदन लेकर खड़े रह गए फरियादी

एक वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

सरकार आपके द्वार कार्यक्रम के तहत बुधवार को बगोदर प्रखंड मुख्यालय स्थित विवाह भवन में आयोजित जनता दरबार से तकरीबन 12.30 बजे डीसी राहुल कुमार सिन्हा के लौटते ही दरबार में अधिकारियों के लिए सजी कुर्सी खाली हो गई। जनता दरबार से अधिकारी समेत कर्मचारी नदारद हो गए। वहीं जनता दरबार के मौके पर विभिन्न विभागों की ओर से आयोजित स्टाॅलों पर कर्मियों की भीड़ लगी रही। अधिकारियों के गायब रहने के कारण फरियादी फरियाद दर्ज कराने के लिए चक्कर काटते देखे गये। जनता दरबार से अधिकारियों मसलन बीडीओ, सीओ के चले जाने पर प्रमुख मुस्ताक अंसारी ने तंज कसते हुए कहा कि जनता दरबार का उद्देश्य पूरा नहीं हो पा रहा है। उन्होंने कहा कि जनता दरबार को लेकर व्यापक प्रचार-प्रसार प्रशासनिक स्तर पर नहीं कराए जाने के कारण पंचायतों से जरूरतमंदों की उपस्थिति नहीं हो पा रही है। प्रमुख ने कहा कि सरकार जिन उद्देश्यों से जनता दरबार आयोजित कराने का बीड़ा उठा रखी है डीसी उसपर पहल करें। प्रमुख ने भी स्वीकार किया कि डीसी के जनता दरबार से प्रस्थान करते ही स्थानीय अधिकारी भी प्रस्थान कर गए। जनता दरबार में विभिन्न योजनाओं से संबंधित कई स्टॉल लगाए गए थे, जहां योजनाओं की जानकारी दी गई। वनवासी विकास आश्रम द्वारा लगाए गए स्टॉल पर पोषण की सामग्री की अनिवार्यता की ओर इंगित कर रहे थे। स्टाॅल के जरिये यह बताया जा रहा था कि लोगों के लिए पौष्टिक आहार क्यों जरूरी है। इसके अलावा आंगनबाड़ी द्वारा आयोजित स्टॉल में पुआ, पकवान समेत अन्य व्यंजनों को सजाया गया था। आपूर्ति विभाग द्वारा लगाये गये स्टॉल में राशन कार्ड से संबंधित आवेदन लिए जा रहे थे। वैसे तो 3 पंचायतों के लिए जनता दरबार का आयोजन बुधवार को विवाह भवन में किया गया था मगर उपस्थिति एक पंचायत की भी नहीं थी। समाजसेवी कुंजलाल साव जनता दरबार में समस्या रखने के लिए पहुंचे। डीसी के प्रस्थान कर जाने के कारण वे अपनी बातें लिखित तौर पर नहीं रख पाए। उन्होंने कहा कि 2016 में आयोजित जनता दरबार में किये गये फरियाद का समाधान आजतक नहीं हो सका है। उन्होंने कहा कि जनता दरबार के नेतृत्वकारी वरीय अधिकारी को समय सीमा तय करनी चाहिए। समस्याओं के निराकरण में अधिकारी लापरवाही बरतते हैं तो ऐसे अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए।

उपप्रमुख सरिता के सवालों पर निरुत्तर हुए डीसी

डीसी सिन्हा की मौजूदगी में आयोजित जनता दरबार में उपप्रमुख सरिता साहू ने पीएम आवास में हेराफेरी और भ्रष्टाचार का आरोप लगाया। उपप्रमुख ने कहा कि पीएम आवास के एवज में खुलेआम रिश्वत की वसूली हो रही है। उन्होंने कहा कि सेक डेटा में क्रमवार नामों के अनुकूल जरूरतमंदों को आवास मुहैया कराने की वजह सीरियल नंबर से अलग हट कर रिश्वत देने वालों को पीएम आवास की स्वीकृति दी जा रही है। उन्होंने तिरला पंचायत का एक मामला डीसी के समक्ष रखा। उपप्रमुख के पीएम आवास में भ्रष्टाचार के सवाल पर डीसी सिन्हा निरूत्तर हो गए। प्रमुख के आरोपों, सवालों का जवाब उन्होंने नहीं दिया। इस बीच प्रमुख ने कहा कि यदि ऐसे गंभीर मसले पर वरीय अधिकारी खामोश रहेंगे तो जटिल समस्याओं का समाधान निकलने की बजाए समस्याएं और भी जटिल हो जाएंगी। जनता की समस्याओं का समाधान कभी नहीं हो पाएगा। अधिकारी को चाहिए कि जन समस्याओं के निष्पादन के लिए त्वरित कार्रवाई हो।

खाली पड़ी कुर्सी व गायब अधिकारी।

स्टॉल का निरीक्षण करते डीसी व अन्य अधिकारी।

जन समस्याओं के समाधान के लिए है जनता दरबार : डीसी

बगोदर प्रखंड मुख्यालय स्थित विवाह भवन में बुधवार को तीन पंचायतों क्रमश: बगोदर पूर्वी के अलावा जरमुने पूर्वी और पश्चिमी पंचायतों के लिए जनता दरबार का आयोजन किया गया था। जनता दरबार में डीसी सिन्हा, एनडीसी के अलावा बगोदर-सरिया अनुमंडल के एसडीएम राम कुमार मंडल मुख्य रूप से मौजूद थे। जनता दरबार में डीसी ने कहा कि जनता की फरियाद सुनने और समाधान के लिए जनता दरबार का आयोजन किया गया है। मौजूद लोगों से उन्होंने समस्याएं लिखित तौर पर रखने की बात कही। उन्होंने कहा कि पेंशन, आवास समेत तमाम तरह की समस्याएं रख सकते हैं। कम जटिल समस्याओं का त्वरित निष्पादन होगा वहीं जटिल समस्याओं का समाधान जांचोपरांत किया जाएगा। उन्होंने मौजूद लोगों से कहा कि वह समस्याएं लिखित दर्ज कराएं और 15 दिनों के बाद ब्लॉक ऑफिस में जाकर पता करें उनकी समस्याएं जस की तस है या समाधान हो गया। डीसी सिन्हा तकरीबन 1 घंटे से ऊपर जनता दरबार में मौजूद रहे करीब 12.30 बजे गिरिडीह के लिए प्रस्थान कर गए।
खबरें और भी हैं...