लापरवाही पर बीईओ ने स्पष्टीकरण मांगा
धनवार प्रखंड क्षेत्र के उत्क्रमित प्राथमिक विद्यालय दासेडीह के प्रधान पारा शिक्षक को पत्र जारी करते हुए प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी समन्वयक प्रखंड संसाधन केंद्र धनवार ने विद्यालय विकास एवं मध्याह्न भोजन में लापरवाही बरतने को लेकर स्पष्टीकरण मांगा है। इस संबंध बीईईओ किशोर कुमार ने कहा है कि संकुल साधन सेवी मध्य विद्यालय डोरंडा द्वारा विद्यालय का नियमित अनुश्रवण के क्रम में विद्यालय में व्याप्त गंभीर समस्या प्राप्त हुई है। जिसे लेकर संकुल साधन सेवी द्वारा शिक्षक को बार-बार सूचित करने के पश्चात किसी प्रकार का सुधार नहीं किया जा रहा है। जिसमें व्याप्त मनमानी में विद्यालय प्रबंधन समिति की बैठक नियमित नहीं की जा रही है। वित्तीय वर्ष दो 2018-19 का विद्यालय अनुदान राशि खर्च किए बगैर निकासी कर लेने, मध्याह्न भोजन से संबंधित कोई भी पंजी विद्यालय में उपलब्ध नहीं होना, मध्याह्न भोजन का चावल अपने घर में रखने, हाजरी बनाकर विद्यालय से अनुपस्थित रहना, बिना किसी कारण के मध्याह्न भोजन का नियमित संचालन नहीं होना, साथ ही अतिरिक्त पोषाहार नियमित संचालन नहीं करना, विद्यालय भवन का जीर्ण शीर्ण अवस्था में पहुंच जाने के बावजूद उसकी मरम्मत नहीं कराने, क्रियाशील शौचालय को एक अक्रियाशील हो जाने। स्वच्छता पर शून्य अंक प्राप्त करना, वर्ग कक्ष में व्याप्त गंदगी का होना, दो वर्ग कक्ष होने के बावजूद एक ही कक्षा में सभी बच्चों को बैठाना, विद्यालय भवन की राशि वापस नहीं किया जाना, 12 मार्च 2020 को विद्यालय अनुश्रवण के दौरान मध्यान्ह भोजन बिना किसी कारण के बंद पाए जाने, वित्तीय वर्ष 2015 से 2018 तक वैधानिक अंकेक्षण नहीं कराए जाने सहित विभिन्न मामलों को लेकर 18 मार्च 2020 के अपराहन तक अधोहस्ताक्षरी स्पष्टीकरण कार्यालय को उपलब्ध कराना सुनिश्चित करने को लेकर पत्र जारी की गई है। ससमय नहीं मिलने पर कार्रवाई करने की चेतावनी दी गई है।