- Hindi News
- National
- Giridih News Corona Health Department Alert Carmel School Closed Until Next Order
कोरोना: स्वास्थ्य विभाग अलर्ट, कार्मेल स्कूल अगले आदेश तक बंद
भारत में कोरोना के बढ़ते प्रकोप से आम लोगों में भारी दहशत है। दूर-दराज नौकरी करने वाले व मुंबई, दिल्ली, बेंगलोर, राजस्थान आदि शहरों में पढ़ाई करने वाले लोग भयभीत होकर अपने घर लौट रहे हैं। कोरोना का भय हर चेहरे पर साफ दिख रहा है।
इसी क्रम में बीते शुक्रवार को गिरिडीह जिले में राजू दास में कोरोना का लक्षण पाए जाने से आम लोगांे में और अधिक डर समा गया है। लक्षण पाए जाने के साथ ही गिरिडीह सिविल सर्जन ने उसे रिम्स रांची रेफर कर दिया है। राजू दास दिल्ली में नौकरी करता था। इधर इस निमित गिरिडीह जिले में भी स्वास्थ्य विभाग इस मसले पर अलर्ट हो गया है। डीसी राहुल सिन्हा के निर्देश पर सदर अस्पताल में इसके लिए विशेष व्यवस्था की गई है। वहीं कोरोना के भय से गिरिडीह कार्मेल स्कूल प्रबंधन ने स्कूल को अनिश्चित काल के लिए बंद करने का आदेश जारी कर दिया है। उपायुक्त राहुल कुमार सिन्हा ने शनिवार को सदर अस्पताल में कोरोना वायरस से पीड़ित मरीजों के लिए बनाए गए आईसोलेशन वार्ड का निरीक्षण किया। निरीक्षण के क्रम में सिविल सर्जन अवधेश प्रसाद सिन्हा, आरसीएच पदाधिकारी ड़ॉक्टर सिद्धार्थ सान्याल, डॉ रवि महर्षि मुख्य रुप से मौजूद थे। आईसोलेशन वार्ड के निरीक्षण करने के बाद डीसी ने महिला व पुरुष वार्ड का भी निरीक्षण किया और साफ-सफाई के साथ अन्य कई निर्देश दिया।
कोरोना के संक्रमण से बचाव के लिए गिरिडीह शहर के कार्मेल स्कूल प्रबंधन ने अगले आदेश तक के लिए स्कूल बंद कर दिया है। शनिवार को स्कूल की प्रिंसिपल सिस्टर दिव्या ने नोटिस जारी कर अभिभावकों को जानकारी दी है। हालांकि जारी नोटिस में स्कूल प्रबंधन ने यह स्पष्ट नहीं किया है कि स्कूल का नया सत्र कब से शुरू किया जायेगा। स्कूल प्रबंधन के अनुसार बोर्ड परीक्षा के बाद 17 मार्च को स्कूल खुलना था। लेकिन कोरोना को ले स्कूल प्रबंधन ने अगले आदेश तक कार्मेल स्कूल बंद का आदेश जारी कर दिया है।
भीड़-भाड़ वाली जगह से करें परहेज : डीसी
निरीक्षण के क्रम में डीसी ने कहा कि कोरोना वायरस संक्रमण को लेकर पूरे देश में हाई अलर्ट जारी किया गया है। उसी अनुरूप गिरिडीह जिले में भी पुख्ता व्यवस्था की गई है। इस संक्रमण पर रोक थाम के लिए हर सार्वजनिक स्थलों विशेष एहतियात बरतने का आदेश जारी किया गया है। कई राज्यों में स्कूल, कॉलेज, सिनेमाघरों को तत्काल बंद कर दिया गया है। गिरिडीह सदर अस्पताल में आईसोलेशन वार्ड का निर्माण किया जा चुका है। जिसमें 6 बेड लगे हैं। जिसमें प्रशिक्षित 6 डॉक्टर के साथ पारा मेडिकल, नर्स आदि की प्रतिनियुक्ति की गई है। कहा कि यदि कोई कोरोना वायरस के संदिग्ध रोगी पाया जाता है तो उस रोगी को 14 दिनों तक आईसोलेशन वार्ड में रख कर खून का नमूना लेकर जांच के लिए भेजा जाएगा। साथ ही सिविल सर्जन को सदर अस्पताल परिसर में बने शौचालय के सौंदर्यीकरण व साफ-सफाई का निर्देश दिया है।
आइसोलेशन वार्ड का निरीक्षण करते डीसी।