माले नेता मृतक के घर पहुंचे, मुआवजा मांगा
अतिवीर फैक्ट्री के मजदूर की हुई मौत मामले में शनिवार को भाकपा माले की एक टीम ने उसके देवघर जिला अंतर्गत मरगोमुंडा थाना क्षेत्र के डंगरा गांव जाकर पीड़ित परिवार को सांत्वना देते हुए घटना की जानकारी ली। माले की टीम में पार्टी के राज्य कमेटी मेंबर राजेश कुमार यादव, मनीष कुमार सिन्हा, बाबुलाल चौड़े, मुकेश चौड़े आदि शामिल थे। पीड़ित परिवार के साथ मुलाकात के बाद जारी प्रेस बयान में माले नेताओं ने कहा कि मृतक आदिवासी मजदूर बालेश्वर हेम्ब्रम अतिवीर फैक्ट्री में काम करता था और फैक्ट्री के अंदर ही रहता भी था। जिसकी ड्यूटी क्रम में मौत हो गई। लेकिन इसके बाद फैक्ट्री प्रबंधन की ओर से बगैर कोई मुआवजा या लिखित समझौता किए ही मृतक के परिजनों को बरगला कर शव को घर भिजवा दिया। इससे पीड़ित परिवार सहित पूरा गांव आक्रोशित है। उन्होंने माले नेताओं संग इस सवाल पर बैठक कर यह निर्णय लिया कि यदि 2 दिन के भीतर पीड़ित के परिजनों को 15 लाख मुआवजा और विधवा के लिए पेंशन समेत नियमानुसार अन्य सुविधाओं पर कोई पहल नहीं की गई तो 17 मार्च को फैक्ट्री गेट के समक्ष बड़ा आंदोलन किया जाएगा।
माले नेताओं ने कहा कि गिरिडीह की फैक्ट्रियों में आमतौर पर फैक्ट्री कानूनों का खुला उल्लंघन हो रहा है। उन्हें मजदूरी भी कम दी जाती है। कोई घटना होने पर मामले को रफा दफा करने की कोशिश ज्यादा होती है। यह सब नहीं चलेगा। मौके पर बाबूलाल चौड़े, मुकेश चौड़े, जेठा टुडू, अमीन हेम्ब्रम, रावण हेम्ब्रम, सूरज मुर्मू, कामदेव टुडू, चुड़का मुर्मू, सोमरा मुर्मू, मोतीलाल हेम्ब्रम, बाजू हेम्ब्रम, बड़की टुडू, बेलमुनी बेसरा, सोनमुनी टुडू, लोबोसी समेत बड़ी तादाद में ग्रामीण महिला पुरुष मौजूद थे।
परिजन के घर पहुंचे माले नेता व अन्य।