हरलाडीह स्वास्थ्य केंद्र का विधायक ने किया उद्घाटन
पीरटांड़ के हरलाडीह में शनिवार को पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का उद्घाटन गिरिडीह विधायक सुदिव्य कुमार सोनू एवं डीसी राहुल कुमार सिन्हा और एसपी सुरेन्द्र कुमार झा ने दीप प्रज्वलित कर की। मौके पर एएसपी दीपक कुमार, प्रमुख सिकन्दर हेम्ब्रम, बीडीओ समीर अल्फ्रेड मुर्मू, सीओ विनय प्रकाश तिग्गा आदि उपस्थित थे।
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का उद्घाटन करने के बाद विधायक ने कहा कि स्वास्थ्य केंद्र के निर्माण होने से मरीजों का प्राथमिक उपचार तुरंत हो जाएगा। पहले छोटे-छोटे बीमारियों के होने पर भी मरीजों को परेशानियों का सामना करना पड़ता था। अब यह समस्या नहीं होगी। साथ ही कहा कि जल्द ही एम्बुलेंस की व्यवस्था भी करायी जाएगी। वहीं डीसी ने कहा कि मुख्य सड़क से अस्पताल तक सड़क निर्माण हो जाए इसके लिए सड़क का प्राक्कलन तैयार कर जमा करें ताकि सड़क बन सके। बारिश के बावजूद लोगों में उत्साह देखा गया। बताते चलें कि इस अस्पताल का शिलान्यास लगभग चार वर्ष पूर्व किया गया था। मौके पर स्वास्थ्य विभाग के सहिया, बीटीटी महादेव सेन, राधेश्याम मदक, महावीर मुर्मू, मुखिया आदि कई लोग उपस्थित थे।
उद्घाटन करते डीसी व विधायक।