- Hindi News
- National
- Dumri News New Transformer Will Be Installed In Bagodar Substation Today Regular Power Will Be Available From Tomorrow
बगोदर सबस्टेशन में आज नया ट्रांसफाॅर्मर लगेगा, कल से मिलेगी नियमित बिजली
बगोदर विद्युत सबस्टेशन में शनिवार को 5 एमवीए के खराब पड़े ट्रांसफाॅर्मर को बदलने का प्रयास विफल रहा रविवार को नये ट्रांसफाॅर्मर के लगने की संभावना है। इससे प्रखंडवासियों को बिजली की आंखमिचौनी से निजात मिल पाएगी। पखवाड़ा से खराब पांच एमवीए के ट्रांसफॉर्मर की वजह से बगोदर वासियों को नियमित रूप से बिजली नहीं मिल पा रही थी। दो फीडरों के जरिए बगोदर प्रखंड के लोगों को बिजली की आपूर्ति होती है। इस निमित दो पांच-पांच एमवीए के ट्रांसफाॅर्मर बगोदरडीह सबस्टेशन में लगाए गए हैं। एक ट्रांसफाॅर्मर के खराब होने की वजह से दोनों फीडरों को एक ही ट्रांसफाॅर्मर से बिजली की आपूर्ति बारी-बारी से की जा रही थी। लिहाजा नियमित रूप से बिजली उपभोक्ताओं को बिजली आपूर्ति नहीं हो पा रही थी। एक तो बकाया को लेकर डीवीसी द्वारा 18 घंटे बिजली की कटौती किये जाने वहीं दूसरी तरफ 5 एमवीए के खराब एक ट्रांसफॉर्मर की वजह से बगोदर के दोनों फीडरों से जुड़े बिजली उपभोक्ताओं को नियमित बिजली नहीं मिल रही थी जिससे बिजली विभाग की किरकिरी हो रही थी। बिजली उपभोक्ता बगोदर के माले विधायक को जम कर कोस रहे थे। कई लोग यह सवाल खड़े कर रहे थे कि रघुवर दास के कार्यकाल में छोटी-छोटी बातों को लेकर धरना-प्रदर्शन, रोड जाम करने वाले विधायक बिजली की व्यवस्था पर खामोश क्यों हैं। बताया जाता है कि बिजली उपभोक्ताओं के बढ़ते दबाव तथा बिजली की आंखमिचौनी से छुटकारा दिलाने को लेकर बगोदर विद्युत सबस्टेशन में 5 एमवीए का ट्रांसफाॅर्मर उपलब्ध करा दिया गया। विद्युत विभाग के डुमरी डिविजन के सहायक अभियंता स्वरूप कुमार बक्सी ने होली के बाद ट्रांसफाॅर्मर बदले जाने की बात कही थी। अब उम्मीद है कि डीवीसी द्वारा बिजली कटौती की समय अवधि घटाये जाने तथा 5 एमवीए के ट्रांसफाॅर्मर बदले जाने के बाद लोगों को नियमित बिजली मिल पाएगी।
डीवीसी कर रहा 18 घंटे बिजली की कटौती
खोरीमहुआ/ डीवीसी ने कमांड एरिया में 18 घंटे बिजली कट करने का फरमान जारी कर 10 मार्च से कटौती करना शुरू भी कर दिया है जिसके प्रभाव में गिरिडीह सहित कोडरमा, धनबाद, बोकारो, हजारीबाग, चतरा आदि कई जिले आ चुके हैं और बिजली के अभाव में जन-जीवन अस्त-व्यस्त हो गये हैं। क्षेत्र के राजेंद्र वर्मा ने कहा कि डीवीसी के अड़ियल रवैया के कारण बिजली उपभोक्ताओं के अधिकारों का हनन हो रहा है।
नई सरकार में बढ़ी बिजली समस्या
चतरो/ नयी सरकार आने के बाद आम जनता को लगने लगा था कि बिजली में सुधार होगी लेकिन पहले से भी बदतर हालत हो गई है। ये बातें देवरी प्रखंड के मोचन शर्मा, प्रकाश चौधरी, छोटू सिंह, राधे श्याम साव, गौतम सिंह, शेरा सिंह, अशो महतो, संजय सिंह आदि लोगो ने कही। लोगों ने कहा कि बिजली नहीं रहने से परेशानी हो रही है।
बगोदर सबस्टेशन में ट्रांसफार्मर लगाने में जुटे बिजलीकर्मी।