- Hindi News
- National
- Bangabad News Police Investigating The Death Of A Man Who Fell In A Well In A Wedding Procession
बारात में आए व्यक्ति की कुएं में गिरने से हुई मौत जांच में जुटी पुलिस
बाराती पहुंचे एक व्यक्ति के कुआं में गिर जाने से उसकी मौत हो गई। इसकी भनक परिजनों को तब हुई जब सुबह कुआं से पानी लेने गए तो शव देखा। शव को देखते ही हो-हल्ला किया तो कई लोग जमा हुए। वहीं इस घटना की जानकारी मुखिया मुन्ना सिंह को दी। सूचना पाते ही मुखिया सिंह पहुंचे और फिर देखते ही देखते ग्रामीणों की भीड़ उमड़ पड़ी। हालांकि शव की शिनाख्त कर ली गई। बताया जाता है कि मुफस्सिल थाना के एकदोनी गांव से शुक्रवार की रात को बेंगाबाद थाना क्षेत्र के हरिला पंचायत के रनियाटांड़ निवासी लक्ष्मण दास के यहां बारात आई थी। बारात में एकदोनी निवासी खागो बढ़ई (55) भी शामिल थे। बाराती मिलन के बाद सभी बारातियों को खाना खिलाया गया। वहीं शादी संपन्न होने के बाद बारातियों की विदाई कर दी गई। सुबह जैसे ही घर के समीप कुआं से पानी लेने ग्रामीण पहुंचे तो शव देखा। जिसके बाद बेंगाबाद पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना पाते ही एएसआई बीके सिंह सदल-बल के साथ पहुंच कर कुआं से शव को निकाला। वहीं ग्रामीणों ने शव की शिनाख्त कर ली। अब लोगों के जेहन में यह सवाल उठ रहा है कि आखिर वह अकेले कुआं की तरफ क्यों आया था और इस कुआं में कैसे गिर गया। इधर शव को पुलिस कब्जे में लेते हुए पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल गिरिडीह भेज दिया। हालांकि इस मामले में अब तक थाना में कोई आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। मामला संदेहास्पद बना हुआ है। इस घटना की खबर सुनते ही प्रमुख राम प्रसाद यादव, उपप्रमुख उपेंद्र कुमार सहित कई जनप्रतिनिधि पहुंच कर घटना का जायजा लिया। वहीं मृतक के परिजनों को जानकारी दे दी गई है। इधर इस मामले में थाना प्रभारी प्रशांत कुमार ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की सच्चाई सामने आ सकती है। हालांकि अब तक मृतक के परिजनों की ओर से आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। पुलिस जांच में जुटी हुई है।