- Hindi News
- National
- Chainpur News 50 Students Of Kasturba Residential School Submitted A Memorandum Related To The Problems
कस्तूरबा आवासीय विद्यालय की 50 छात्राअाें ने समस्याअाें से संबंधित ज्ञापन साैंपा
प्रखंड के डीपाडीह, घोरहटी, कोटाम बेहराटोली, सरगांव, चापाझरिया, कोरकोटोली, उरु, केरागानी, ककरंगपाठ समेत कई गांवों से कस्तूरबा आवासीय विद्यालय की पचास छात्राएं गुरुवार को चैनपुर कार्यालय पहुंची और अपनी असुविधा बताने के लिए प्रखण्ड कार्यालय में पदाधिकारियों को ढूंढती रहीं। परंतु किसी भी पदाधिकारी के कार्यालय में नहीं होने के कारण अंततः अपनी समस्याओं का एक आवेदन अंकित कर प्रखण्ड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी के कार्यालय में उपस्थित कर्मचारी को सौंप वापस लौट गई।
छात्राओं का कहना है कि चैनपुर प्रखण्ड के नाम से संचालित कस्तूरबा आवासीय विद्यालय पालकोट प्रखण्ड के बघिमा में संचालित है। जिसमें कुल 185 छात्राएं हैं किन्तु वहां दो प्रखण्ड के आवासीय विद्यालय संचालित है, जिससे वहां शिक्षकों की कमी है। इसलिए हमें अपने आवासीय विद्यालय के लिए अलग से शिक्षक की व्यवस्था करने की बात कही। वहीं छात्राओं ने बताया कि कक्षा छह से कक्षा दसवीं तक कभी भी छात्रवृत्ति की सुविधा हमें प्राप्त नहीं हुई है। ना ही आजतक कोई प्रखण्ड स्तरीय पदाधिकारी हमारी हाल चाल जानने, ना हमारी मूलभूत सुविधाओं को देखने बघिमा पहुंचे। जिससे हमें काफी आहत महसूस होती रही और हम सब छात्राएं पहाड़ी व जंगली क्षेत्र से हैं विकास के मामलों में काफी पिछड़ा हुआ है। चैनपुर प्रखण्ड मुख्यालय से दूरी भी अधिक है। जिससे हमें छुट्टियों में अपने घर पहुंचते-पहुंचते बहुत रात हो जाती है। हम सभी अपने को असुरक्षित महसूस करते हैं। इसलिए प्रखण्ड प्रशासन से निवेदन करते हैं कि हमारे प्रखण्ड में बन रहे आवासीय विद्यालय के काम को तेजी से करवाते हुए जल्द ही हमें यहां स्थानांतरित करवाने की कोशिश करें।
समस्याओं के समाधान के लिए तत्पर : बीडीओ
वहीं इस मामले पर चैनपुर बीडीओ डॉ शिशिर कुमार सिंह से दूरभाष पर बात करने पर उन्होंने कहा कि छात्राओं की समस्या पर गंभीरता से विचार करुंगा और हर संभव उनके मदद में प्रखण्ड प्रशासन तत्पर है। उन्होंने कहा कि बच्चों की पढ़ाई में किसी तरह की परेशानी नहीं होगी, इसका ख्याल रखा जाएगा। जल्द ही समस्याओं का निपटारा होगा। आवेदन सौंपने वाली छात्राओं में मुख्य रुप से अंकिता कुजूर, प्रिया कुमारी, रिंकी कुमारी, ननकी कुमारी, सुनीता असुर, शुचिता ठिठियो, सावित्री कुमारी, लीलमनी कुमारी, बालो कुमारी आदि छात्राएं उपस्थित थीं।