बच्चों को स्वच्छता के प्रति किया जागरूक
श्री सर्वेश्वरी समूह की सिमडेगा इकाई ने गुरुवार को समूह के संस्थापक अवधूत भगवान राम का महानिर्वाण दिवस श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। सदर अस्पताल के सामने स्थित समूह में दिनभर कई कार्यक्रमों का आयोजन हुआ। जिसमें सदस्यों तथा शहर के अन्य लोगों ने भाग लिया। सुबह साढ़े आठ बजे समाधि पूजन का आयोजन हुआ। इसके बाद सफल योनि का पाठ तथा प्रसाद वितरण किया गया।
श्रद्धालुओं ने अवधूत भगवान राम के महानिर्वाण दिवस पर पूजन किया। आरती एवं अघोरानाम परोमंत्र: नास्ति तत्वम गुरो परम का कीर्तन भी किया। वहीं निर्वाण दिवस पर सर्वेश्वरी दंत सुरक्षा जागृति अभियान की भी शुरुआत की गई। रांची से आए दंत चिकित्सक डॉ. विनय गुप्ता ने शहर के सरस्वती शिशु विद्या मंदिर के विद्यार्थियों के दांतों की जांच की। समूह परिसर में आयोजित कार्यक्रम में स्कूल के प्रवेशिका, प्रथम एवं द्वितीय कक्षा के बच्चों की जांच के बाद उन्हें चिकित्सक ने परामर्श दिया। 198 बच्चों को दांतों की सफाई के प्रति जागरूक करने तथा सही तरीके से टूथब्रश के इस्तेमाल की जानकारी दी गई। बच्चों को उत्साहित करते हुए स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया। उन्हें टूथ पेस्ट, ब्रश, जिभी, पेंसिंल और रबर भी प्रदान किए गए।