- Hindi News
- National
- Lohardaga News Complete Pending Plans By End Of March Deputy Commissioner
लंबित योजनाओं को मार्च के अंत तक पूरा करें : उपायुक्त
समाहरणालय सभाकक्ष में गुरुवार को तकनीकी पदाधिकारियों की संयुक्त बैठक विकास कार्यों को लेकर हुई। इसकी अध्यक्षता करते हुए उपायुक्त आकांक्षा रंजन ने विभिन्न विभागों द्वारा किये जा रहे विकास योजनाओं की समीक्षा की। जिसके तहत उन्होंने लंबित योजनाओं को मार्च माह के अंत तक पूर्ण करने का निर्देश दिया।
विकास योजनाओं में केकरांग-रोरद, सेमरडीह-कसियाडीह, बोंडोवार-मुर्गू, हिसरी-अरेया आदि योजनाओं की समीक्षा की गई। आंगनबाड़ी से संबंधित विभिन्न योजनाओं को पूर्ण कर पंचायत सचिव को हस्तगत करने का भी निर्देश दिया। योजनाओं का उपयोगिता प्रमाण पत्र बनाने का भी निर्देश दिया गया। उन्होंने एससीए के तहत चल रही विभिन्न विकास योजनाओं की भी समीक्षा की। जिसके तहत लंबित योजनाओं को पूर्ण करने का निर्देश दिया गया। बैठक में डीआरडीए निदेशक अखौरी शशांक सिन्हा, जिला योजना पदाधिकारी राजीव रंजन सिन्हा , पथ/लघु सिंचाई/विशेष प्रमण्डल/भवन आदि विभागों के कार्यपालक अभियंता/सहायक अभियंता उपस्थित हुए।
उपायुक्त ने इसके बाद शहरी पेयजलापूर्ति पर भी बैठक की। बैठक में उपायुक्त ने कार्यपालक अभियंता पेयजल एवं स्वच्छता,कार्यपालक अभियंता विद्युत तथा कार्यपालक पदाधिकारी नगर परिषद को समन्वय स्थापित कर कार्य करने का निर्देश दिया। उपायुक्त ने शहर में निर्बाध रूप से न्यूनतम 6 घंटे विद्युत आपूर्ति करने का निर्देश विद्युत कार्यपालक अभियंता को दिया। जिससे की शहर में नियमित रूप से पेयजल की आपूर्ति की जा सके। कार्यपालक पदाधिकारी नप को खराब पाइप लाइन को ठीक कराकर कनेक्शन देने का निर्देश दिया गया। बैठक में कार्यपालक अभियंता पेयजल एवं स्वच्छता सुशील कुमार टुडू, नगरपालिका पदाधिकारी देवेंद्र कुमार और कार्यपालक अभियंता विद्युत जेम्स कुजूर उपस्थित थे।
बैठक में अधिकारियों को दिशा निर्देश देती डीसी आकांक्षा रंजन।