ईंट भट्ठा पर अपराधियों ने की गोलीबारी, लेवी के लिए पर्चा छोड़ा
बसिया थाना क्षेत्र के लूसिया कुलगरा में स्थित लखन साहू के ईंट भट्ठा पर बीती रात अज्ञात अपराधियों ने गोली बारी करने व मजदूरों के साथ मार पीट कर लेवी के लिए पर्चा छोड़ा है। जानकारी के अनुसार शनिवार रात बसिया थाना पुलिस को सूचना मिली कि कुडलान गांव स्थित सोनल इट भट्ठे पर गोलीबारी की जा रही हैं। घटना की सूचना मिलते ही बसिया थाना प्रभारी उपेंद्र कुमार महतो दल बल के साथ घटना स्थल पर पहुंचे। हालांकि इस संबंध में थाना प्रभारी ने बताया कि गोली बारी की पुष्टि नहीं हुई हैं। क्योंकि घटना के दूसरे दिन भी रविवार को पुलिस टीम द्वारा घटना स्थल के चारो ओर मुआयना किया गया लेकिन कहीं भी गोलीबारी के सुराग नहीं मिले हैं।
उन्होंने अज्ञात लोगों द्वारा लेवी मांगने हेतु पर्चे छोड़े जाने की पुष्टि करते हुए कहा कि पुलिस मामले की छानबीन में जुटी हुई है। इस संबंध में सोनल ब्रिक्स के संचालक लखन साहू ने बताया कि शनिवार की रात 9.30 बजे 3 बाइक में 5 की संख्या में अज्ञात अपराधी घटनास्थल पहुंचे और हवाई फायरिंग करने लगे। साथ ही वहां उपस्थित मजदूर तेनेश खड़िया एवं राजी खेरवार के साथ मारपीट भी की। उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष भी इस तरह की घटना हुई थी।