विद्यार्थियों की उपस्थिति सुनिश्चित कराएं : डीसी
गुमला | उपायुक्त गुमला शशि रंजन ने रायडीह प्रखण्ड अंतर्गत एसएस उच्च विद्यालय रायडीह का निरीक्षण कर विद्यालय में छात्र-छात्राओं की उपस्थिति, विद्यालय भवन की वस्तुस्थिति, विद्यालय में उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं आदि का जायजा लिया। निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने विद्यालय में शिक्षकों से कक्षावार छात्र-छात्राओं की उपस्थिति के बारे में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने शिक्षकों से विद्यालय में नामांकित छात्र-छात्राओं के विरूद्ध काफी कम उपस्थिति का कारण पूछते हुए, छात्र-छात्राओं की नियमित उपस्थित सुनिश्चित कराने का निर्देश शिक्षकों को दिया। उन्होंने इस दौरान विद्यालय के साइंस लैब व स्मार्ट क्लास का भी भ्रमण कर जानकारी हासिल की। मौके पर बीसीसीएल स्मार्ट क्लास के प्रशिक्षक नकुल कुमार राज ने स्मार्ट क्लास बारे में विस्तृत जानकारी उपायुक्त व उपस्थित पदाधिकारियों को दिया।
जिस पर उपायुक्त ने साइंस लैब तथा स्मार्ट क्लास का उपयोग कराने का निर्देश शिक्षकों को दिया। मौके पर उपायुक्त ने जिला शिक्षा पदाधिकारी सह जिला शिक्षा अधीक्षक सुरेन्द्र पाण्डेय को विद्यालय परिसर के जर्जर भवन को तोड़ने के लिए खुली निविदा निकाल कर तोड़ने का निर्देश दिया।