जनगणना के मद्देनजर सीएम से राज्यादेश निर्गत करने का आग्रह
सिमडेगा | राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से आग्रह किया गया है कि वे सिमडेगा जिले और प्रदेश से पलायन कर गए लोगों की वापसी सुनिश्चित करने के लिए राज्यादेश निर्गत करें। सामाजिक कार्यकर्ता सुशील लकड़ा, रुबेन डांग, बिराज किंडो, प्रेमदान लुगुन, जोनसन लुगुन, जोसेफ किंडो, दुलार केरकेट्टा, रोशन बाखला और सनातन लकड़ा ने मुख्यमंत्री से यह आग्रह करते हुए कहा है कि भारतीय जनगणना का कार्य शुरू होने वाला है। यह जनगणना काफी महत्वपूर्ण है और इसके आधार पर विकास की कई नीतियां तय की जाएंगी। इधर सिमडेगा जिले और राज्य के अन्य कई जिलों से काफी संख्या में लोग रोजी रोजगार के लिए दूसरे जिलों में पलायन कर गए हैं। यह सुनिश्चित किया जाना चाहिए कि वे अवकाश लेकर अपने पैतृक स्थानों में आएं और इस जनगणना में शामिल हों। आवेदकों ने इसके लिए सामूहिक प्रयास की जरूरत बताई है।