रौतिया समाज की बैठक में शिक्षा अपनाने पर जोर
बानो | प्रखंड के रायकेरा में रौतिया समाज की बैठक हुई। बैठक में समाज के विकास के लिए एकजुटता बनाए रखने पर जोर दिया गया। साथ ही सामाजिक कुरीतियों को खत्म करने की बात कही गई। वक्ताओं ने कहा कि समाज के लोग एकदूसरे के सुख दुख में सहभागी बनें और समस्याओं के समाधान के लिए सामूहिक रूप से आवाज बुलंद करें। अमीन सिंह ने कहा कि समाज के लोगों को जागरूक होना होगा। जागरुकता के बिना विकास की कल्पना करना असंभव है। उन्होंने कहा कि अशिक्षा किसी भी समाज के विकास में एक बड़ी बाधा है। सभी लोग अपने बच्चे बच्चियों को निश्चित रूप से स्कूल भेजें। शिक्षा से ही समाज आगे बढ़ेगा। घनश्याम सिंह ने कहा कि नशा विकास के रास्ते में एक बड़ी बाधा है। नशे के कारण घर परिवार बर्बाद होता है और समाज पर भी इसका खराब असर पड़ता है। उन्होंने नशे के साथ कुरीतियों को भी दूर करने पर जाेर दिया। वहीं सरयू सिंह और लालधर सिंह ने सामाजिक एकजुटता को जरूरी बताया। बैठक में रामजीत सिंह, अर्जुन सिंह आदि थे।