विधायक ने सिमडेगा में जुआ का मामला सदन में उठाया
सिमडेगा | जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में खुलेआम जुआ का खेल होने तथा नशा कारोबार फलने फूलने का मुद्दा कोलेबिरा विधायक विक्सल कोनगाड़ी ने गुरुवार को सदन में उठाया। बजट सत्र के दौरान विधायक कोनगाड़ी ने सदन में कहा कि सरकार को बदनाम व परेशान करने की नियत से कोलेबिरा प्रखंड मुख्यालय के अलावा लचरागढ़ में गांजा का कारोबार फल फूल रहा है। स्कूली बच्चों को गांजा बेचा जा रहा है। शिकायत के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हो रही है। इसी तरह बांसजोर, जलडेगा व ठेठईटांगर में जुआ का कारोबार फैल रहा है। विधायक ने आरोप लगाया कि प्रशासनिक सहयोग से उक्त इलाके में जुआ और नशा का बाजार चल रहा है। जिसके चलते आपराधिक घटनाएं बढ़ रही है। प्रशासनिक पदाधिकारियों को जानकारी देने पर भी कार्रवाई नहीं होती है। विधायक ने इसपर सदन से रोक लगाने की मांग की। सत्र के बाद विधायक कोनगाड़ी ने मुख्यमंत्री से मिलकर इसके बारे विस्तृत जानकारी दी।