पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • Simdega News Life Is Disrupted Due To Torrential Rains Farming And Trade Affected

मुसलाधार बारिश से जनजीवन हुआ अस्त-व्यस्त, खेती व व्यापार प्रभावित

एक वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

जिले में गुरुवार को हुई मुसलाधार बारिश ने जनजीवन अस्त व्यस्त कर दिया तथा कारोबार को भी खासा प्रभावित किया। सुबह में अच्छी धूप खिली थी और लोगों को लगा कि आज मौसम विभाग का पूर्वानुमान गलत साबित होगा। लेकिन दस बजते बजते आसमान पर काले बादल छाने लगे तथा साढ़े दस बजे से काफी देर तक तेज बारिश हुई। दिन में रुक रुककर बारिश होती रही तथा पूरा दिन जनजीवन अस्त व्यस्त रहा। सड़कों के किनारे तिरपाल व प्लास्टिक आदि बांधकर दुकान चलाने वाले लोगों को इस बारिश से काफी परेशानी हुई। फुटपाथ पर अपनी सब्जियां व अन्य उत्पाद बेचने पहुंचे किसानों को भी बारिश ने मायूस किया। दो दिनों से हो रही बारिश ने जिले में व्यापार को बहुत प्रभावित किया है। दुकानों में ग्राहकों की भीड़ कम रही तथा गुरुवार को साप्ताहिक हाट होने के बावजूद व्यवसाय मंदा रहा।

सड़कों पर सन्नाटा रहा। मौसम में बदलाव को देखते हुए जरूरी होने पर ही लोग घरों से निकले। सरकारी दफ्तरों में भी लोगों की आवाजाही अन्य दिनों की अपेक्षा कम रही। मौसम विभाग की भविष्यवाणी के मुताबिक आने वाले दो-तीन दिनों में भी बारिश व तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। इसे देखते हुए व्यवसायियों का कहना है कि वित्तीय वर्ष के आखिरी दिनों में मौसम की इस तरह से मार से कारोबार काफी प्रभावित होगा।

बदले मौसम में फसलों पर बढ़ा कीटों का प्रकोप

बारिश से किसानों को भी नुकसान उठाना पड़ रहा है। सब्जी खेती को इस बेमौसम बरसात से भारी नुकसान हो रहा है। दूसरी ओर बारिश से जमीन गीली होने के बाद किसान हल व ट्रैक्टर के माध्यम से जुताई का कार्य भी कर रहे हैं। फिर भी किसानों का कहना है कि मौसम में इस तरह के बदलाव से खेती को नुकसान होना तय है। इस मौसम में पौधों पर कीटों का प्रकोप भी बढ़ गया है तथा किसान अपनी फसल को बचाने के लिए कीटनाशी तथा दवा छिड़काव यंत्र के जुगाड़ के लिए शहर पहुंच रहे हैं।

दिन भर रुक रुककर होती रही बारिश, सड़कों पर पसरा रहा सन्नाटा

गुरूवार को शहर में होती झमाझम बारिश का दृश्य।
खबरें और भी हैं...