समाज के निर्माण में माताओं की भूमिका होती है अहम : विधायक
कुरडेग प्रखंड के ढिंगुरपानी पल्ली में भिखारिएट काथलिक सभा का 24वां वार्षिक अधिवेशन व बानाबीरा में काथलिक महिला संघ का दो दिवसीय वार्षिक अधिवेशन आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विधायक भूषण बाड़ा व तुमड़ेगी भिरवारिएट के डीन रेभ. फादर पीटर मिंज ने दीप प्रज्वलित करके किया। ढिंगुरपानी पल्ली में मिस्सा पूजा अनुष्ठान डीन इसीदोर, वीजी फुलजेम्स टेटे, फादर युजित टोप्पो, फादर फेलिक्स टेटे की अगुवाई में हुआ। कार्यक्रम में विधायक बाड़ा ने झंडोतोलन किया। संबोधित करते हुए विधायक भूषण बाड़ा ने कार्यक्रम में उपस्थित विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं को संत जोन मेरी वियन्नी के जीवनी के बारे बताया और कलिसिया व समाज के हित में काम करने के लिए प्रेरित किया। विधायक ने अपने संबोधन में कहा कि समाज निर्माण में माताओं की भूमिका अग्रणी है। वे जिस परिवेश में समाज का निर्माण करना चाहें, वे कर सकती है। उनके द्वारा अच्छी परवरिश से ही सभ्य मानव का निर्माण होता है। हमें एकता में रहकर आगे बढ़ना है। उन्हाेंने यह भी कहा कि महिला संघ हमारे मजबूत स्तंभ हैं। उन्होंने कहा कि परिवार कलीसिया का प्रवेश द्वार है। अतः परिवार को टूटने से बचाने में माताओं को आगे आना चाहिए। विधायक ने कहा कि महिलाएं अपनी दक्षता की बदौलत सफलता की मंजिल छू रही हैं। उन्होंने कहा कि महिलाएं दो परिवारों को मिलाती है। महिलाओं को रोजगार मिलना चाहिए। महिलाएं स्वयं सहायता समूह एवं अन्य संगठनों से जुड़कर भी रोजगार हासिल कर सकती है। महिलाओं के सामने कई चुनौतियां है जिनका समाधान किया जाना चाहिए। ख्रीस्तीय विश्वास पर विचार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रभु में विश्वास करना उनके प्रति आस्था को दर्शाता है। विनती और प्रार्थना के माध्यम से अपने विश्वास को दर्शाया जा सकता है। उन्होंने सात संस्कारों की चर्चा करते हुए कहा कि सभी संस्कार से आध्यात्मिक चेतना का बोध होता है। धर्म में वर्णित सभी दस आज्ञा का पालन सबको करना चाहिए। उन्होंने सबको अध्यात्म के रास्ते पर चलने की सलाह दी। कार्यक्रम में प्रखण्ड अध्यक्ष डेविड तिर्की, शिशिर मिंज, विजय बेक, अजित लकड़ा, अनिल खेस सहित काफी संख्या में लोग उपस्थित थे
कार्यक्रम में बोलते मुख्य अितथि।