पोषण पखवाड़ा जागरुकता रथ रवाना किया गया
गुमला| अंतराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर 08 से 22 मार्च तक चलने वाले पोषण पखवाड़ा के सही पोषण देश रौशन थीम पर आधारित जागरूकता अभियान की शुरुआत की गई। बख्तर साय मुण्डल सिंह स्मृति भवन गुमला में आयोजित कार्यक्रम में जागरूकता रथ को उपायुक्त शशि रंजन, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी सीता पुष्पा तथा बाल विकास परियोजना पदाधिकारियों ने हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया। उपायुक्त ने बताया जागरूकता रथ 08 से 22 मार्च तक जिला के सभी प्रखंडों में लोगों को पोषण के प्रति जागरूकता फैलाने का कार्य करेगा।
उन्होंने बताया पोषण पखवाड़ा कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य लोगों में स्वास्थ्य, साफ-सफाई, कुपोषण आदि के प्रति जागरूक करना है। इस दौरान जिला, प्रखण्ड, पंचायत व ग्राम स्तर पर कार्यक्रम आयोजित कर पोषण संबंधी विषयों पर कार्यक्रम आयोजित कर सही पोषण के पांच सूत्र आदि बारे में जानकारी दी जाएगी। सभी आंगनबाड़ी केंद्रों पर गर्भवती महिलाओं, धात्री माताओं व बच्चों के लिए स्वास्थ्य जांच एवं टीकाकरण भी इस दौरान किया जाएगा। इसके साथ ही कुपोषण से पीड़ित बच्चों की पहचान कर जांचोपरांत कुपोषण उपचार केंद्र में इलाज के लिए भेजा जाएगा। पखवाड़ा के दौरान 09 मार्च को होलिका दहन के अवसर पर सभी गांवों में कुपोषण पुतला दहन, 10 मार्च को सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में पोषण रैली, 11 मार्च को सु-पोषण दिवस कार्यक्रम निर्धारित है। मौके पर जिला समाज कल्याण पदाधिकारी सीता पुष्पा व अन्य उपस्थित थे।