दुकानदारों को बकाया भुगतान करने के लिए नोटिस देने की प्रक्रिया हुई शुरू
नगर परिषद की ओर से बस पड़ाव में बायीं ओर निर्मित 40 में से 30 दुकानदारों को बकाया भुगतान करने के लिए नोटिस भेजने की प्रकिया आरंभ कर दी गई है। इनमें से कई ऐसे दुकानदार भी है, जिनका दुकान आवंटन अवधि से ही मासिक किराया बकाया है। जिस कारण नप को राजस्व की क्षति हो रही है। इसलिए अपने राजस्व को बढ़ाने व बकाया की रिकवरी करने को लेकर नप गंभीरता दिखाते हुए वैसे दुकानदारों को दूसरा व अंतिम नोटिस दे रहा है। इसके बाद भी दुकानदार बकाया भुगतान नहीं करते है, तो उनपर कार्रवाई तय है। सिटी मैनेजर हिमांशु मिश्रा ने बताया कि उक्त दुकान वर्ष 2010 में बनाए गए है। इसके बाद से दुकानदारों द्वारा किराया का भुगतान नहीं किया गया है।
इसे लेकर पूर्व में कई बार समय भी दिया गया। इसके बावजूद दुकानदारों ने रूचि नहीं दिखाई। उन्होंने बताया कि 40 में से 10 दुकानदारों ने किस्त में बकाया भुगतान करने का भरोसा दिलाकर भुगतान करना आरंभ कर दिया है। किंतु 30 दुकानदारों द्वारा इस विषय पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी गई। इन दुकानदारों को 12 प्रतिशत ब्याज के साथ बकाया का भुगतान करना होगा। उन्होंने बताया कि अगले चरण में नप से निर्मित अन्य दुकानदारों पर भी बकाया भुगतान को लेकर सख्ती बरती जाएगी। ताकि नप को राजस्व की प्राप्ति हो और इस राशि को शहर के विकास में खर्च किया जा सके। उन्होंने बताया कि पूर्व में बकायदारों को कई बार बकाया बुगतान के लिए कहा गया था, लेकिन उन्होंने गंभीरता से नहीं लिया। तब जाकर सबी को नोटिस भेजने का फैसला लिया गया।