- Hindi News
- National
- Lohardaga News The Agreement Will Be Canceled If Revenue Is Not Recovered From The Lease Land Given To Hindalco
हिंडाल्को को दी लीज की जमीन से राजस्व वसूली नहीं होने पर निरस्त होगा एग्रीमेंट
जो वाहन बिना निबंधन के रोड पर चल रहे हैं उनका टैक्स वसूली करने का निर्णय
समाहरणालय सभाकक्ष में अपर समाहर्ता अंजनी मिश्रा की उपस्थिति में शुक्रवार को जिले के राजस्व व आंतरिक संसाधन की समीक्षा की गई। बैठक में विभिन्न अंचल अधिकारियों को मौजूदा वित्तीय वर्ष में मिले लक्ष्य के विरूद्ध मार्च माह के अंत तक शत प्रतिशत प्राप्ति का निर्देश दिया गया। विभिन्न अंचलों से प्राप्त राजस्व की समीक्षा की गई।
बैठक में सभी अंचल अधिकारियों को इस वित्तीय वर्ष का बकाया लगान के लिए अपने अंचल निरीक्षकों को लक्ष्य निर्धारित कर कार्य करने का निर्देश दिया। कृषि बाजार शुल्क से संबंधित राजस्व वसूली के संबंध में विभिन्न विभागों व सीआरपीएफ का बकाया लगान वसूल करने का निर्देश दिया गया। खनन विभाग के अधिकारी से कहा गया कि यदि हिंडाल्को को लीज पर दिये गये जमीन से राजस्व की वसूली नहीं हो रही है तो लीज एग्रीमेंट निरस्त करने संबंधी एक प्रस्ताव दें। साथ ही राजस्व प्राप्त नहीं होने संबंधी जानकारी भी अपने प्रस्ताव में दें। जो वाहन बिना निबंधन के बाॅक्साइट की ढुलाई करते हुए पकड़े जाते हैं, उनपर कार्रवाई करें। परिवहन विभाग को निर्देश दिया गया कि जो वाहन बिना निबंधन के रोड पर चल रहे हैं उनका टैक्स वसूली करें। इस पर किसी तरह की कोताही नहीं बरतने का निर्णय लिया गया, ताकि राजस्व बढ़ाया जा सके।
साथ ही विद्युत विभाग को बकायेदारों से शुल्क वसूल करने का निर्देश दिया गया ताकि लक्ष्य की प्राप्ति की जा सके। कहा गया बिजली बिल के बकायादारों से वसूली में तेजी लाएं, विशेषकर जिनके पास ज्यादा बकाया है। वैसे बकायादारों को सूचना देकर जल्द बिल जमा करने को कहने को कहा गया। बैठक में अनुमण्डल पदाधिकारी ज्योति झा, वाणिज्यकर उपायुक्त, जिला परिवहन पदाधिकारी अमित बेसरा, भूमि सुधार उप समाहर्ता मनीषा तिर्की, जिला मत्स्य पदाधिकारी कमरुजमां, अवर निबंधक मनोजीत प्रसाद, सहायक खनन पदाधिकारी भोला हरिजन, उत्पाद अधीक्षक विमला लकड़ा, विद्युत विभाग के कार्यपालक अभियंता जेम्स कुजूर सहित सभी अंचल अधिकारी उपस्थित थे।
बैठक को संबोधित करते अपर समाहर्ता व उपस्थित अन्य अधिकारी।