- Hindi News
- National
- Simdega News Worship Dharma With Positive Thinking To Fight Kerena Jain Monk
काेराेना से लड़ने के लिए सकारात्मक सोच के साथ धर्म आराधना करें : जैन मुनि
जैन भवन में होली के अवसर पर तीन दिवसीय साधना हुई। जैन मुनि डाॅ. पद्मराज महाराज ने सवा लाख जप किए तथा पोला आठम और मौन व्रत का उद्यापन किया। मौन व्रत पूर्ण होने के बाद उन्होंने मंगल पाठ किया और सबों को रंगोत्सव की बधाई दी। जैन मुनि ने विशेष रूप से अभिमंत्रित जल सबों को प्रदान किया। उन्होंने कहा कि इस जल का विशेष महत्व है। एक बार सती मैना सुंदरी ने श्रीपाल सहित सात सौ कुष्ठ रोगियों के रोग को शांत कर दिया था। उस समय यह लाइलाज बीमारी थी। जैन मुनि ने कोरोना बीमारी का जिक्र करते हुए कहा कि अभी फैल रही यह बीमारी भी लाइलाज है, इससे बचने का उपाय यही है कि हम सावधानी बरतें। ऐसी बीमारियों से बचने के लिए अपनी भीतरी क्षमता को बढ़ाना आवश्यक है। सकारात्मक सोच के साथ धर्म आराधना करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि होली पर्व के अवसर पर चेहरों पर रंग लगाने से न तो कोई गोरा रह जाता है और न कोई काला, सब रंगबिरंगे हो जाते हैं। यह मानवीय समानता का एक उदाहरण है। उन्होंने कहा कि पर्व का संदेश यही है कि हम कोई भेदभाव न रखते हुए मानव मानव काे एकसमान समझें। उन्होंने पोला आठम के बारे बताया कि विभिन्न प्रकार के संकट को दूर करने के लिए यह तपस्या की जाती है। इस तपस्या के साथ विभिन्न मंत्रों का पारायण अनिवार्य रूप से करना होता है। गुरू मां वसुंधरा ने मधुर भजन सुनाए। पांच भक्तों ने जैन मुनि का पारणा कराया। रेखा जैन, सारिका जैन आदि ने आयोजन में सहयोग किया।
भक्तों को प्रसाद देते जैन मुनि।