- Hindi News
- National
- Simdega News Young Children Played Fiercely Holi Elders Sang Fagua Till Late Evening
छोटे-छोटे बच्चों ने खेली जमकर होली बुजुर्गों ने देर शाम तक गाया फगुआ
रंग और उमंग के पर्व होली के अवसर पर जिला मुख्यालय और प्रखंडों में उत्साह का वातावरण बना रहा। अहले सुबह से ही बच्चों और युवकों की टोलियां शहर और गांवों के गली मोहल्ले में होली है के नारे लगाते हुए परिभ्रमण करतीं रही। एक दूसरे को रंग गुलाल लगाकर होली की बधाई दी गई। बच्चों का उत्साह देखते बन रहा था। महिलाओं की टोलियां भी पीछे नहीं रहीं। दोपहर बाद महिलाएं भी घर-घर पहुंची और एक दूसरे को रंग लगाकर होली का आनंद लिया। शहर के महावीर चौक पर जगह जगह रंग बरसे भींगे चुनरवाली, आज न छोड़ेगे खेलेंगे हम होली जैसे गीतों पर लोग दोपहर बाद तक सामूहिक रूप से झूमते थिरकते दिखे। संध्या समय सबों ने नए कपड़े पहन घर घर जाकर होली की खुशियां बांटी। ईष्ट देवों को गुलाल चढ़ाकर और बुजुर्गों को प्रमाण कर आशीर्वाद ग्रहण किया गया। लोगों ने पारंपरिक पकवानों का भी आनंद लिया। इससे पहले सोमवार की रात होलिका दहन की धूम रही। सिमडेगा के श्रीरामजानकी मंदिर, प्रिंस चौक, गांधी मैदान, ठाकुरटोली, सदर अस्पताल के निकट और अन्य स्थानों में लोगों ने होलिका दहन कर परंपरा निभाई। इस अवसर पर चने के पौधे को आग में भूनकर उनका प्रसाद के रूप में सेवन किया गया। इधर कोरोना वायरस का भी कुछ असर होली पर पड़ा। अधिकतर लोगों ने गीले रंग से परहेज किया। दोपहर से पहले भी कई लोग सिर्फ गुलाल लेकर ही घूमते दिखे। पिचकारियों और चीन से आने वाले मुखौटों से परहेज किया गया।
पटेल समाज के मिलन समारोह में गूंजे होली गीत
पटेल समाज ने होली मिलन समारोह का आयोजन किया। मुख्य अतिथि किस्कू महतो, धर्मेंद्र कुमार और महिलाओं ने दीप जलाकर कार्यक्रम की शुरूआत की। कहा गया कि विभिन्न क्षेत्रों में महिलाओं की भागीदारी बढ़ी है। होली मिलन और महिला दिवस कार्यक्रम का संचालन समाज की महिलाओं ने किया। बच्चों ने आकर्षक नृत्य की प्रस्तुति की। अंताक्षरी, होली गीत और खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन हुआ। आयोजन में रीमा सिन्हा, सुधा कुमारी, अर्पणा कुमारी, कृति अर्चना कुमारी, रूपलता आदि ने सक्रिय भूमिका निभाई
प्रखंडों में रही होली की धूम
कुरडेग प्रखंड में होली की धूम रही। सभी पंचायतों में सोमवार की रात्रि होलिका दहन की परंपरा निभाई गई। कदमटोली दुर्गा मंदिर के पास लोगों ने विधिक विधानपूर्वक पूजा अर्चना की।
महाकुल समाज सेवा समिति ने किया मिलन समाराेह का आयोजन
कुरडेग के झुनकाछापर में महाकुल समाज सेवा समिति के होली मिलन समारोह का आयोजन हुआ। उपाध्यक्ष घनश्याम यादव ने कहा कि होली का पर्व सभी शिकवों को भुलाकर आपस में मिलजुलकर नई शुरूआत करने के लिए आता है। उत्तम यादव को झुनकाछापर परिक्षेत्र का अध्यक्ष बनाया गया। उमा महेश्वर मंदिर में विष्णु नाम महायज्ञ और अखंड हरिकीर्तन करने का निर्णय लिया गया। समाज के लोगों से सहयोग करने की अपील की गई। केंद्रीय अध्यक्ष अमृत यादव, उपाध्यक्ष गणेश यादव, शंकर यादव, लाल यादव, त्रिलोचन यादव, यदु यादव, कैलाश यादव, महेंद्र यादव, मधुसूदन यादव सहित कई लोग उपस्थित थे।
कुरडेग में होली के अवसर पर भजन गाते लोग।
होली खेलते बच्चे।