- Hindi News
- National
- Simdega News Youth Set Fire To 8 Shops Police Activism Saved The City From Deteriorating
युवक ने 8 दुकानों में लगा दी आग, पुलिस की सक्रियता से शहर का माहौल बिगड़ने से बचा
मंगलवार की मध्य रात के बाद करीब दो बजे शहर के विभिन्न हिस्सों में एक युवक ने झुग्गीनुमा आठ दुकानों में आग लगा दी। शहर के बाजारटांड, बीच मोहल्ला, कॉलेज रोड और नीचे बाजार स्थित झुग्गीनुमा दुकानों के प्लास्टिक व तिरपाल के शेड में आग लगाए जाने की खबर तेजी से फैली। कुछ ही देर में पुलिस ने इलाके में पहुंचकर भट्ठीटोली स्थित एक गली से आग लगाने वाले युवक मो. नासिर शेख को पकड़ लिया। नासिर शेख काे त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस द्वारा गिरफ्त में ले लिए जाने के कारण आगजनी को लेकर शहर में तनाव बढ़ने का खतरा टल गया। पकड़ा गया युवक मुर्शीदाबाद का रहने वाला है तथा सिमडेगा में राजमिस्त्री का काम करने वाले अपने पिता तजमुल के साथ रहता है।
माना जा रहा है कि यदि आगजनी का आरोपी तुरंत नहीं पकड़ा गया होता तो शहर में स्थिति बिगड़ सकती थी। रात तीन बजे जब लोगों ने अलग-अगल स्थानों पर दुकानों में आग लगी देखी तो पुलिस काे सूचना दी गई। तुरंत एसपी संजीव कुमार, एसडीपीओ राजकिशोर, थाना प्रभारी रविंद्र कुमार, इंस्पेक्टर दयानंद व अन्य पुलिस अधिकारी वहां पहुंच गए। एसपी ने मौके की नजाकत को समझते हुए दमकल के अलावा पीसीआर वाहनों को तुरंत वहां बुला लिया था। पुलिस ने घेराबंदी करते हुए आरोपी की तलाश शुरू कर दी थी।
विधायक ने घटनास्थल पहुंचकर ली जानकारी
इधर बुधवार को विधायक भूषण बाड़ा ने घटनास्थलों पर पहुंचकर जानकारी ली। उन्होंने प्रभावित दुकानदारों को हरसंभव मदद दिलाने का भरोसा दिलाया। उन्होंने मामले में पुलिस द्वारा त्वरित कार्य किए जाने की सराहना भी की और कहा कि पुलिस मुस्तैद नहीं रहती तो जिले में सद्भाव बिगड़ सकता था। विधायक ने गिरफ्तार युवक से भी सवाल जवाब किया तथा पुलिस से समुचित कार्रवाई को कहा। घटनास्थल पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष अनूप केशरी, उपाध्यक्ष डीडीसी सिंह, विधायक प्रतिनिधि समी आलम, मुखिया सिलवेस्तर बाघवार, मो. ग्यास, झामुमो सचिव शफीक खान सहित कई लोग मौजूद थे।
दो ट्रकों को जलने से बचाया
युवक नासिर शेख द्वारा आग लगाए जाने पर सबसे ज्यादा नुकसान नीचे बाजार में जनता साउंड के सामने स्थित टायर रिपेयरिंग दुकानदार मो. कुदूस अंसारी को हुआ है। उसके यहां रखे पुराने टायर जलने के अलावा टायर में हवा भरने वाली मशीन की टंकी भी फट गई। युवक द्वारा नीचे बाजार में खड़े नंदकिशोर अग्रवाल और संजय शाह के ट्रकों में ढंके तिरपाल में भी आग लगाई थी। आग भड़कने से पहले ही लोगों ने इसे बुझा दिया था। बाजारटांड स्थित जावेद व दिलीप की मुर्गियों की दो दुकानें, कॉलेज रोड में मकसूद व रजी मल्लिक की झुग्गीनुमा दुकानें तथा ईदगाह मोहल्ला में सोनू की दुकान के प्लास्टिक को जलाया गया था।
युवक मानसिक बीमार, जल्द भेजा जाएगा रिनपास : एसपी
एसपी संजीव कुमार ने शहर के विभिन्न हिस्सों में दुकानों में आग लगाए जाने तथा आरोपी के पकड़े जाने के मामले में बताया कि पकड़े गए युवक नासिर शेख को मानसिक रूप से बीमार पाया गया है। पुलिस उसके इलाज के लिए उसे रिनपास भेजने का प्रबंध कर रही है। उन्होंने कहा कि विक्षिप्त युवक ने जहां-जहां भी प्लास्टिक देखा उसने अपने पास मौजूद लाइटर से प्लास्टिक को जलाया। इससे आग फैली और दुकानों में नुकसान हुआ। एसपी ने कहा कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है तथा जरूरी छानबीन कर रही है।
पकड़ा गया युवक
बाजारटांड, बीच मोहल्ला, कॉलेज रोड और नीचे बाजार स्थित झुग्गीनुमा दुकानों में लगाई आग
बाजारटांड में जलती हुई दुकान।
जलाई गई टायर दुकान को देखते विधायक व अन्य।