15 अप्रैल तक सभी जनता दरबार का आयोजन रद्द
भारत में कोरोना वायरस के असर को ध्यान में रखते हुए एहतियातन उपायुक्त डॉ भुवनेश प्रताप सिंह ने कटकमसांडी में शनिवार को होने वाले जनता दरबार को स्थगित कर दिया। साथ ही तत्काल प्रभाव से 15 अप्रैल 2020 तक प्रखंडों की विभिन्न पंचायतों में प्रत्येक बुधवार व शनिवार को निर्धारित जनता दरबार कार्यक्रम को स्थगित करने का निर्णय लिया गया है।
कोरोनावायरस की रोकथाम के लिए अनेकों कदम राज्य सरकार द्वारा उठाए जा रहे हैं, जैसे भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में न जाना, हाथ ना मिलाना, साफ-सुथरा रहना,जुकाम,खांसी, सर्दी आदि से ग्रसित व्यक्तियों के संपर्क में ना आना तथा मास्क का उपयोग करना आदि शामिल है । इसी के तहत राज्य सरकार द्वारा प्रत्येक जिले में आमजन की समस्याओं को लेकर जनता दरबार का आयोजन किया जाता रहा है और देखा गया है कि बड़ी संख्या में ग्रामीण उक्त कार्यक्रम में उपस्थित होते हैं और एक दूसरे के संपर्क में आते हैं और इस प्रकार के वायरस के फैलने का खतरा हो सकता है । इस संबंध में उपायुक्त द्वारा निर्णय के उपरांत आगामी सभी जनता दरबार कार्यक्रम अगले आदेश तक स्थगित कर दिया गया है ताकि लोग एहतियातन इस प्रकार के किसी वायरस के संपर्क में न आ पाए और अपने आप को स्वस्थ्य व सुरक्षित रख सकें ।