डीसीडीसी सेंटर ने 7 हजार डायलिसिस कर बनाया रिकार्ड
हजारीबाग मेडिकल कॉलेज अस्पताल परिसर में पीपीपी मोड पर संचालित डीसीडीसी डायलिसिस सेंटर में गुरुवार को वर्ल्ड किडनी डे मनाया गया। इस मौके पर हजारीबाग सिविल सर्जन डाॅ. कृष्ण कुमार ने केक काटा। मौके पर सेंटर के चिकित्सक डाॅ. विकास कुमार, इंचार्ज जितेंद्र कुमार, डीपीएम रवि शंकर, अस्पताल मैनेजर शाहनवाज और अन्य कर्मी मौजूद रहे। सीएस ने कहा कि इस सेंटर का जब 22 नवंबर 2017 को आरंभ हुआ था तब मैं हजारीबाग सदर अस्पताल का डीएस था। उस वक्त इस सेंटर की शुरुआत मात्र एक बेड से हो पाया था। जिसे बिजली की समस्या को देखते हुए सोलर सिस्टम से जोड़ा गया था। बेड बढ़ाने को लेकर बिजली की समस्या आड़े आ रही थी। कहा जा रहा था कि सोलर पैनल अधिक बेड का लोड नही ले पाएगा। फिर भी इसे बढा कर पांच बेड का किया गया था। अब यह सेंटर दस बेड के साथ संचालित हो रहा है। जहां अपने 27 माह के सफर में 7000 से अधिक डायलिसिस कर चुका है। सेंटर का रिकार्ड बताता है कि प्रतिमाह 500 से अधिक डायलिसिस यहां पर हो रहा है। जहां हजारीबाग, चतरा व आसपास जिले के 70 किडनी मरीज इस डायलिसिस सेंटर से लाभान्वित हो रहे हैं।
चिकित्सक डाॅ. विकास कुमार ने कहा कि यह सेंटर को इवनिंग मोड पर भी संचालन हो तो अधिक से अधिक मरीज लाभान्वित होंगे । डाॅ मेजर पीके सिन्हा ने स्वस्थ्य किडनी के आठ फार्मूले बताए। कहा कि इसके लिए फिट रहने के लिए लगातार सक्रिय रहें। पौष्टिक आहार लें, भोजन में अधिक से अधिक तरल पदार्थ लें, धूम्रपान से बचें, ब्लडप्रेशर का बराबर जांच कराएं एवं इसे कंट्रोल में रखें। सीएस डा कुमार ने किडनी रोग से बचाव को लेकर उक्त संयम का पालन करने और जागरूक होने की बात कही।