पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

अब डीवीसी से 12 घंटे होगी बिजली की आपूर्ति

एक वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
झारखंड राज्य विद्युत वितरण निगम ने डीवीसी को दिए ~4 सौ करोड़

झारखंड राज्य विद्युत वितरण निगम द्वारा डीवीसी को चार सौ करोड़ रुपए भुगतान के बाद उपभोक्ताओं को मिलने वाली बिजली में फिलहाल मामूली सुधार होने की उम्मीद है। डीवीसी द्वारा लोड शेडिंग शुरू करने के पश्चात जहां छह घंटे बिजली मिला करती थी अब वो 12 घंटे मिला करेगी । डीवीसी के द्वारा फिलहाल 12 घंटे बिजली दिये जाने की बात कही जा रही है । हजारीबाग विद्युत प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता पंचानन ने बताया कि डीवीसी द्वारा लोड शेडिंग के नये शेड्यूल के आलोक में सर्किट 1, 2, 4 एवं 5 में 12.30 बजे से 15.30 तक, 18.30 बजे से 21.30 बजे तक, 00.30 बजे से 3.30 बजे तक तथा 6.30 बजे से 9.30 बजे तक लोड शेडिंग जारी रहेगा बाकी समय में इन सर्किटों से बिजली आपूर्ति जारी रहेगी । वहीं सर्किट नंबर तीन से जुड़े इलाकों में 9.30 बजे से 12.30 बजे, 15.30 बजे से 18.30 बजे, 21.30 बजे से 00.30 तथा 3.30 बजे से 6.30 बजे तक लोड शेडिंग रहेगा। शेष अवधि में बिजली आपूर्ति ऑन रहेगी ।

तेज वर्षा व ओला वृष्टि से बिजली आपूर्ति व्यवस्था को पहुंचा भारी नुकसान : शुक्रवार की रात तेज हवा के साथ मूसलाधार वर्षा एवं भारी ओलावृष्टि से बिजली आपूर्ति व्यवस्था को भारी नुकसान पहुंचा है, जिसके कारण शुक्रवार की रात से ही पूरे जिले की बिजली व्यवस्था चरमरा गई है । शुक्रवार की रात से शनिवार को दिन भर कई इलाकों में बिजली नही रही । वहीं दिन में भी वर्षा जारी रहने के कारण फॉल्ट को तलाशने और उसे दुरुस्त करने में बाधा आती रही ।जिसके कारण पूरा दिन बीत जाने के बावजूद शहर के कई इलाकों में शाम तक बिजली बहाल नही हो पाई थी जबकि इसी बीच डीवीसी से लोड शेडिंग के कारण भी दिक्कत पेश आती रही ।

विद्युत प्रमंडल हजारीबाग के कार्यपालक अभियंता पंचानन सिंह ने कहा कि डीवीसी से 12 घंटे बिजली मिलने के बाद भी हमें सभी सर्किटों को बिजली देने में संतुलन बनाना पड़ता है, ताकि सभी फीडरों के उपभोक्ताओं को बिजली मिल सके । साथ ही लाईन चालू होने पर उसे स्टेबल करने में समय लगता है, क्योंकि लाईन चालू होने पर उपभोक्ता तत्काल पानी के मोटर तथा बिजली के अन्य उपकरण चालू कर देते हैं, इस प्रकार अचानक खपत बढ़ने से लाईन ट्रिप करने लगता है ।

खबरें और भी हैं...