करबेकला में एसडीओ ने लोगों की समस्याएं सुनी
सदर प्रखण्ड के करबेकला पंचायत में प्रशासन आपके द्वार कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जहां अनुमंडल पदाधिकारी सदर मेघा भारद्वाज ने दीप प्रज्जवलित कर कार्यक्रम का उद्घाटन किया। जनता दरबार में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। मौके पर अनुमंडल पदाधिकारी ने उपस्थित ग्रामीणों की समस्याओं को सुना और इसके निदान करने का निदेश संबंधित विभाग को दिया । जनता दरबार में आए एक ग्रामीण तुलसी गोप जो वृद्ध भी थे एवं अत्यंत गरीब भी उन्हें अविलंब अनाज उपलब्ध कराने का निर्देश अनुमंडल पदाधिकारी के द्वारा जन वितरण प्रणाली विक्रेता को दिया गया। अनुमंडल पदाधिकारी के द्वारा सख्त निर्देश दिया गया कि अब भी जो संपन्न व्यक्ति अपना राशन कार्ड सरेंडर नहीं किए हैं वे अविलम्ब अपना राशनकार्ड सरेन्डर कर दें अन्यथा पकड़े जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। मौके पर बीडीओ सदर अमिताभ भगत ने सरकार के कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी विस्तार से दी। इस कार्यक्रम में विभिन्न विभागों द्वारा कुल 219 आवेदन पंजीकृत किया गया जिसमें पेंशन, प्रधानमंत्री आवास आदि सहित शौचालय के सबसे ज्यादा आवेदन प्राप्त हुए जिसके शीघ्र निष्पादन का निर्देश दिया गया। इस अवसर पर मुखिया शारदा देवी, उप मुखिया शांति देवी, पंचायत समिति सदस्य, प्रखण्ड स्तरीय कर्मी सहित बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण मौजूद थे।