संगठित होकर बढ़े महिलाएं ः रूद्र शेखर
कटकमदाग | कटकमदाग प्रखंड के सुल्ताना पंचायत भवन में नेहरू युवा केंद्र के सौजन्य अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर सेमिनार आयोजित किया गया। जिसमें झारखंड सेवा मंडल संस्था की ओर से सहयोग की गई। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों ने स्वामी विवेकानंद व राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के चित्र पर माल्यार्पण कर किया। इस मौके पर महिला सशक्तिकरण पर जोर दिया गया। नेहरू युवा केंद्र के जिला युवा समन्वयक रूद्र शेखर ने कहा कि महिलाएं आज किसी भी क्षेत्र में कम नहीं है। हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं। आवश्यकता है महिलाओं काे संगठित होकर आगे बढ़ने की। झारखंड सेवा मंडल के सचिव सुबोध कुमार ओझा ने कहा कि वर्तमान परिवेश में महिलाएं काफी जागरूक हुई हैं। नारी शक्ति राष्ट्र व समाज की शक्ति है। महिला सशक्तिकरण से ही देश व समाज का विकास संभव है। उन्होंने गीत संगीत के माध्यम से भी महिला सशक्तिकरण पर जोर देते हुए महिलाओं का हौसला अफजाई की। सुल्ताना पंचायत के मुखिया प्रतिमा देवी ने महिलाओं को हरेक क्षेत्र में बढ़ चढ़कर हिस्सा लेने का आह्वान किया। कार्यक्रम को सीआरपी पंचानन पांडे ने भी संबोधित कर महिला सशक्तिकरण पर जोर दिया। धन्यवाद ज्ञापन करते हुए एनवाईवी सह पूर्व छात्र संगठन अध्यक्ष विवेक तिवारी ने कहा कि महिला के बिना बेहतर व सशक्त समाज की कल्पना संभव नहीं है। इस मौके पर कटकमदाग प्रखंड के एनवाईवी मुकेश कुमार, काजल कुमारी, जेएसएलपीएस के शकुंतला कुमारी सहित बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित थी। मौके पर समाज में बेहतर कार्य करने वाले व महिला उत्थान के प्रति उल्लेखनीय कार्य करने वाले को मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया।