सिटी रिपोर्टर
कदमा गणेश पूजा मैदान में स्थापित भगवान गणेश की प्रतिमा के समक्ष शुक्रवार को आंध्र समाज की महिलाओं ने कुमकुम पूजा की। गणेश पूजा के दौरान पड़ने वाले हर शुक्रवार को तेलुगू भाषी सुहागिन महिलाएं ये पूजा करती हैं। यह पूजा सुख शांति के साथ सुहाग की लंबी उम्र की कामना को लेकर शुक्रवार को दोपहर तीन बजे से शाम पांच बजे तक पूजा की। पंडित शशिभूषण शास्त्री ने मंत्रोच्चारण के साथ 105 महिलाओं को विधि-विधान से ये पूजा संपन्न कराया। सबसे पहले भगवान गणेश, भगवान विष्णु व उसके बाद मां भवानी की पूजा की गई। महिलाओं ने इन देवी-देवताओं की छोटी-छोटी प्रतिमाएं भी स्थापित की थीं। अंत आरती के बाद पूजा संपन्न हुई।
शनि महाराज का वार्षिक महोत्सव
भादो महीने के अंतिम शनिवार को मनाया जाएगा जन्मोत्सव
भादो माह के अंतिम शनिवार को शनि महाराज का जन्मोत्सव शहर के विभिन्न शनि मंदिरों में मनाया जाएगा। कदमा रामनगर श्री भवानी कालीबाड़ी मंदिर में शनि महाराज का वार्षिकोत्सव का आयोजन किया जाएगा। मंदिर के संस्थापक मोहित मुखर्जी ने बताया कि सुबह पांच बजे शनिदेव का तैलाभिषेकम, सुबह सात बजे से हवन शुरू होगा। शाम छह बजे शनिदेव का विशेष पूजन व कथा होगा। रात नौ बजे नवग्रह हवन के साथ पूर्णाहुति होगी। गरमनाला जमशेदपुर दुर्गाबाड़ी में शनि महाराज का वार्षिकोत्सव होगा। शाम साढ़े छह बजे पूजा शुरू होगी। रात साढ़े आठ बजे पुष्पांजलि एवं रात नौ बजे प्रसाद वितरण किया जाएगा। इसके अलावा भालूबासा काली मंदिर, नामदा बस्ती कालीबाड़ी, बेल्डीह कालीबाड़ी, टिनप्लेट कालीबाड़ी व अन्य मंदिरों में भी शनिदेव की पूजा-अर्चना की जाएगी।
15 को बिष्टुपुर उत्तरा सबरीमलाई धर्म सास्था मंदिर में कुंभाभिषेक पूजा
खरकई लिंक रोड, बिष्टुपुर उत्तरा सबरीमलाई धर्म सास्था मंदिर में 15 सिंतबर को कुंभाभिषेक पूजा होगी। सुबह 8.00 बजे से मंदिर राजगोपुरम के लिए कलाकर्ण पूजा आयोजित की जाएगी। इसमें भगवान गणपति, वास्तु शांति पूजा और कालकर्ण पूजा के लिए हवन होगा।