मोबाइल लोकेशन के आधार पर 65 दिन बाद 4 धराए
जादूगोड़ा | जादूगोडा थाना अंतर्गत आसनबनी के प्राथमिक उपस्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) में 6 जनवरी 2020 को हुई चोरी मामले में पुलिस ने चार लोगों को गिरफ्तार किया है। जादूगोड़ा पुलिस बुधवार रात 2 बजे चोरी के आरोप में पोटका थाना अंतर्गत कालिकापुर गांव से शुभांकर भकत, उसके भाई सुशंकर भकत, निरूपम भकत और एक अन्य व्यक्ति को पकड़कर थाने ले गई। इनसे पूछताछ के बाद चोरी का माल खरीदने के आरोप में पुलिस ने जमशेदपुर के गोविंदपुर और साकची से 2 लोगों को हिरासत में लिया। जादूगोड़ा थाना प्रभारी राजीव रंजन ने बताया- आसनबनी पीएचसी से चोरी हुई सभी सामान को बरामद कर लिया गया है। मोबाइल फोन के लोकेशन के आधार पर बदमाशों का सुराग मिला। शुक्रवार को मामले का खुलासा किया जाएगा। उल्लेखनीय है कि आसनबनी पीएचसी से 6 जनवरी की रात बदमाशों ने इनवर्टर, कंप्यूटर, ऑपरेशन के उपकरण सहित सामान चुराए थे।