टिनप्लेट चौक से ट्यूब कंपनी तक 400 मकान व दुकानें हटाई जाएंगी
रेलवे की जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए टाटानगर रेल प्रशासन ने शनिवार को संजयनगर में अभियान का शुभारंभ किया। संजयनगर के लोगों घर खाली करने के लिए पांच दिन का समय दिया गया है। दूसरी ओर शनिवार को रेलवे और टाटा स्टील लैंड विभाग की संयुक्त टीम ने टिनप्लेट चौक से लेकर ट्यूब कंपनी तक ज्वाइंट सर्वे किया। पहले दिन के सर्वे में 400 पक्का मकान व दुकान अतिक्रमण की जद में आ गए हैं। अतिक्रमण की जद में आने वाली जमीन पर रेलवे ने अपना दावा पेश किया है। यह सर्वे तीन दिनों तक चलेगा। इसके बाद रिपोर्ट चक्रधरपुर डीआरएम कार्यालय को भेज दी जाएगी। उल्लेखनीय है कि कुछ वर्ष पूर्व भी रेलवे ने टिनप्लेट इलाके में सर्वे किया था, लेकिन मामला ठंडे बस्ते में चला गया था, परंतु इस बार रेलवे अपनी जमीन को लेकर काफी गंभीर है। शनिवार को सर्वे की सूचना पाकर टिनप्लेट वासी परेशान दिखे। सर्वे में टाटानगर एरिया मैनेजर विकास कुमार और एईएन संजय कुमार समेत आईओडब्ल्यूओ पदाधिकारी, टाटा स्टील लैंड विभाग के अधिकारी और कर्मचारी शामिल थे।
बागबेड़ा में लगा नया माेटर पंप, जलापूर्ति शुरू
बागबेड़ा स्थित बाजार टोला में गोशाला के समीप बोरिंग का मोटर पंप जल गया था। शनिवार काे यहां नया माेटर पंप लगाने के बाद पानी की सप्लाई शुरू हो गई। इससे लाेगाें काे राहत मिली। पिछले चार दिनाें से लाेग जलापूर्ति नहीं होने से परेशान थे। माेटर जलने के बाद बस्तीवासियाें ने जिला पार्षद किशोर यादव से मोटर पंप ठीक कराने की मांग की थी। पार्षद ने अपने मानदेय की राशि व जनसहयाेग से धन संग्रह कर नया मोटर पंप लगाया। इसमें तिलक साहू, आशीष प्रधान, प्रेम दास, अखिलेश्वर साहू, राजू भूमिज, दीपक हाइबुरू आदि का सहयोग रहा।
पांच दिन में घर खाली करने का आदेश