मानगो निगम व जुगसलाई नगर पर्षद के चुनाव के लिए चार सदस्यीय कमेटी बनी
झारखंड सरकार में तीन साल से टलते आ रहे मानगो नगर निगम व जुगसलाई नगर पर्षद का चुनाव करने की दिशा में पहल शुरू कर दी है। इन दोनों नगर निकाय में ओबीसी की सीट आरक्षित किए जाने पर संशय है क्योंकि प्रशासन के पास ओबीसी का आंकड़ा उपलब्ध नहीं है।
इस कारण चुनाव टलता आ रहा है। ओबीसी की जनगणना का आकलन करने के लिए चार सदस्यीय टीम का गठन किया, जिसमें आवास, नगर विकास विभाग के अपर सचिव एके रतन, खूंटी के जिला पंचायती राज पदाधिकारी प्रेमतोष चौबे, जुगसलाई नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी जेपी यादव व राज्य निर्वाचन आयोग के प्रतिनिधि को शामिल किया है। समिति पूर्व के जनगणना के आधार पर ओबीसी की आबादी का पता लगाकर अपनी रिपोर्ट विभाग को सौंपेगी। इसी के आधार पर ओबीसी के लिए सीट का आरक्षण किया जाएगा।
उक्त आशय का फैसला गुरुवार को रांची के प्रोजेक्ट भवन में आवास, नगर विकास विभाग के प्रधान सचिव विनय कुमार चौबे की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में किया गया, जिसमें जिले के डीसी रवि शंकर शुक्ला, जनगणना कार्य निदेशालय के निदेशक आशीष सिंहमार, अपर सचिव एके रतन, मानगो नगर निगम के कार्यपालक पदाधिकारी दीपक कुमार सहाय, जुगसलाई नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी जेपी यादव व राज्य निर्वाचन आयोग के प्रतिनिधि उपस्थित थे।