उलीडीह में मारपीट, बीच बचाव करने गए लोगों पर हमला, दोनों पक्ष से मामला दर्ज
जमशेदपुर| उलीडीह रामनगर शंकोसाई रोड़ नंबर एक में दो पड़ोसियों के बीच मारपीट की घटना हुई। घटना का बीच बचाव करने गए लोगों के साथ भी मारपीट की गई। दोनों पक्षों की तरफ से उलीडीह थाना में मामला दर्ज कराया गया है। घटना नौ मार्च को दिन के 1.30 बजे की है। एक पक्ष से रितू शर्मा के बयान पर पड़ोस में रहने वाले हजारी चौधरी, अरविंद चौधरी, सतीश, रंजीत, राम विलाश कुशवाला, पिंटू कुमार समेत 15- 20 युवकों पर मारपीट करने का अारोप लगाते हुए मामला दर्ज कराया है। इस घटना में संतोष यादव, पार्वती देवी, शिला देवी, मोनी सिन्हा को चोट आई है। रितू शर्मा ने पुलिस को बताया कि संतोष और मुकूल के के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। इसे रोकने गई कुछ महिलाओं से मारपीट की गई। वहीं दूसरे पक्ष से सुरेश प्रसाद के बयान पर संतोष यादव, शैलेश यादव, सुमन यादव, श्रीकांत शर्मा, रितू शर्मा, सुनैना देवी, गीता देवी, मुन्नी देवी के खिलाफ मामला दर्ज कराया गया है। दर्ज मामले में सुरेश प्रसाद ने बताया कि मारपीट की घटना को रोकने के लिए वहां पहुंचे थे तभी कुछ लोगों ने उन पर तलवार से हमला कर दिया। घटना के बाद घायलों को एमजीएम अस्पताल पहुंचाया।