भालूबासा में एसबीआई एटीएम के बाहर चालक से छिनतई का प्रयास, दो धराए
सीतारामडेरा थाना के भालूबासा में स्थित एसबीआई एटीएम के बाहर चालक से छिनतई का प्रयास किया गया। विरोध करने पर चालक भुइयांडीह निवासी छोटा कुमार दुबे के साथ मारपीट की गई। मारपीट में चालक के सिर में गंभीर चोट लगी है। इलाज के लिए उसे एमजीएम अस्पताल लाया गया। घटना गुरुवार की दोपहर करीब 1.30 बजे की है।चालक ने बाइक पर सवार तीन युवकों पर उसके साथ मारपीट और छिनतई का प्रयास करने का आरोप लगाया है।
चालक ने बताया कि वह अपने मालिक आशुतोष सिंह के भाई बालाजी सिंह के साथ भालूबासा में एटीएम से पैसे निकालने गया था। एटीएम में पैसे नहीं थे। इस कारण दोनों वापस लौट रहे थे। एटीएम के बाहर ही बाइक पर सवार तीन युवक अचानक पहुंचे और उससे छिनतई का प्रयास करने लगे। विरोध करने पर कड़ा व अन्य हथियारों से उस पर वार कर दिया। उसके पास पैसे नहीं मिले तो तीनों मौके से भाग निकले। तीनों ने बालाजी सिंह के साथ भी मारपीट की। उसने बताया कि बाद में मुखी बस्ती से उससे छिनतई का प्रयास करने वाले दो युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आशुतोष सिंह ने बताया कि पुलिस ने मुखी बस्ती से विशु मुखी और गजल मुखी नामक दो युवकों को गिरफ्तार किया है। हालांकि, थाना प्रभारी अंजनी कुमार ने किसी की गिरफ्तारी से इनकार किया है।
एमजीएम में पहुंचा घायल कर्मी।
घायल चालक।
सीतारामडेरा के तारापोर स्कूल के पास गली मंे हीरो सर्विस सेंटर के कर्मचारी सुनील हेम्ब्रम से बाइक सवार युवकों ने 4500 रुपए छीन लिए। विरोध करने पर युवकों ने सुनील के साथ मारपीट की और फरार हो गए। सुनील को पैर में चोट लगी है। उसका इलाज एमजीएम अस्पताल मंे कराया गया। घटना गुरुवार शाम 5.30 बजे की है। सुनील ने बताया कि वह पुराना सीतारामडेरा में रहता है। स्लैग रोड स्थित हीरो सर्विस सेंटर में बाइक धोने का काम करता है। गुरुवार की शाम उसे वेतन के रूप में 4500 रुपए मिले थे। उसे लेकर वह पैदल अपने घर जा रहा था, तभी तारापोर स्कूल के पास गली में पहुंचा तो पीछे से पल्सर व दूसरी बाइक पर सवार होकर चार युवक अाए अाैर उसे रोक लिया। पॉकेट से रुपए छीन लिए। उसने विरोध किया तो मारपीट की। शोरगुल होने पर कुछ लोग जुटे तो चारों युवक फरार हो गए।
तारापोर स्कूल के पास सर्विस सेंटर के कर्मचारी से बाइक सवार बदमाशों ने 4500 रुपए छीने