31 मार्च तक लक्ष्य के मुताबिक करें शौचालय का निर्माण: संयुक्त सचिव
जिले के निर्माणाधीन 20183 शौचालय को 31 मार्च तक पूरा करने का आदेश केंद्रीय जल शक्ति मंत्रालय के संयुक्त सचिव समीर कुमार ने दिया है। केंद्रीय जल शक्ति मंत्रालय के संयुक्त सचिव जिला के शौचालय का निरीक्षण करने के लिए शहर पहुंचे हैं। केंद्रीय संयुक्त सचिव ने शहर से लगे इलाके में बनाए जा रहे निर्माणाधीन शौचालय का भी निरीक्षण किया।
शौचालय की गुणवत्ता को संतोषजनक बताते हुए संयुक्त सचिव ने कहा कि आम लोगों के बीच शौचालय के उपयोग के लिए निरंतर जागरुकता अभियान चलाया जाए। स्थल निरीक्षण के बाद संयुक्त सचिव ने उपायुक्त कार्यालय में स्वच्छ भारत मिशन से जुड़े अधिकारियों मसलन प्रखंड विकास पदाधिकारी, पेयजल व स्वच्छता विभाग के कार्यपालक अभियंता व समन्वयकों के साथ बैठक कर योजना की समीक्षा भी की। मौके पर डीसी रवि शंकर शुक्ला भी उपस्थित थे। समीक्षा के दौरान प्रखंडवार मिले लक्ष्य का भी आकलन किया गया है। संयुक्त सचिव ने कहा कि स्वच्छ भारत मिशन का मुख्य उद्देश्य है कि खुले में शौच से देश को पूरी तरह से मुक्त कराना। यह तभी सार्थक होगा जब जिले के एक भी व्यक्ति खुले में शौच के लिए नहीं जाए। टीम भावना की आवश्यकता पर संयुक्त सचिव ने बल दिया। कचरा प्रबंधन के संबंध में लोगों के बीच जागरुकता अभियान चलाने का आदेश संयुक्त सचिव ने दी।
जल जीवन मिशन होगा शुरू
संयुक्त सचिव समीर कुमार ने कहा कि हर घर में पाइप लाइन से जलापूर्ति के लिए जल शक्ति मंत्रालय की ओर से ‘जल जीवन मिशन’ की शुरुआत जल्द की जाएगी। जल शक्ति मंत्रालय ने स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने का लक्ष्य तय किया है। उन्होंने सभी पदाधिकारियों को जल जीवन मिशन के मद्देनजर मजदूरों को प्रशिक्षित करने का आदेश दिया ताकि जिले में जल जीवन मिशन को सफलतापूर्वक क्रियान्वित किया जा सके।
शौचालय निर्माण की समीक्षा बैठक में उपस्थित संयुक्त सचिव व अन्य।