टीकाकरण-फलेरिया से बचाव के लिए 16 अप्रैल से चलेगा अभियान
उपायुक्त कार्यालय सभागार में शुक्रवार को जिला स्वास्थ्य समिति की आयोजित बैठक में महिलाओं व बच्चों के टीकाकरण और वेक्टर जनित बीमारी फलेरिया के रोकथाम के लिए 16 अप्रैल से चलाए जाने वाले अभियान की समीक्षा की गई है। डीसी रवि शंकर शुक्ला की अध्यक्षता में बैठक का आयोजन किया गया था। डीसी ने टीकाकरण का लक्ष्य शत प्रतिशत हासिल करने का आदेश दिया।
मालूम हो कि 16 अप्रैल से 23 अप्रैल तक अभियान चलाया जाएगा। बैठक में उपस्थित सिविल सर्जन डाॅ. महेश्वर प्रसाद ने लोगों को जानकारी दी कि जिले में केवल 2 वर्ष से कम उम्र के बच्चों, गर्भवती महिलाएं और गंभीर रूप से बीमार व्यक्तियों को छोड़ कर सबको फलेरिया के रोकथाम के लिए डीईसी एवं एलबेंडाजोल की एक-एक खुराक दी जाएगी।
ग्रामीण क्षेत्रों के स्कूल, आंगनबाड़ी केंद्र, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र, प्राथमिक उप स्वास्थ्य केंद्र,पंचायत भवन और हाट बाजार में बनाए गए बूथ पर डीईसी एवं एलबेण्डाजोल की खुराक उपलब्ध रहेगी। जबकि शहर क्षेत्रों में सभी सरकारी एवं निजी अस्पताल, अर्बन स्वास्थ्य सामुदायिक केंद्र, अर्बन प्राथमिक उप स्वास्थ्य केन्द्र, स्कूल, सामुदायिक केंद्र, आगंनबाड़ी केंद्र, सभी सरकारी कार्यालयों, रेलवे स्टेशन, बस पड़ाव, मुख्य पोस्ट आॅफिस पर भी डीईसी एवं एलबेण्डाजोल की खुराक उपलब्ध रहेगा। इसको लेकर स्वास्थ्य कर्मियों, आंगनबाड़ी कर्मियों को लगाया गया है।