पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

शहर के संगठनों ने कोरोना के चलते रद्द किए प्रोग्राम होली मिलन से लेकर धर्म सम्मेलन तक शामिल

एक वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

देश में बढ़ रहे कोरोना वायरस के प्रकोप के चलते राज्य सरकार ने सार्वजनिक कार्यक्रम के आयोजन पर रोक लगा दी है। राज्य सरकार के निर्देश के आलोक में शहर के विभिन्न संगठनों ने अपने होने वाले आयोजन को रद्द कर दिया है।

पारसी समाज: पारसी समाज का नवरोज (नया साल) समारोह 21 मार्च को मनाया जाना था। लेकिन इस वर्ष समाज ने केवल अंगिरा में पूजा कर कार्यक्रम को करने का निर्णय लिया है। यह जानकारी सचिव मारूफ महेता ने दी।

पोद्दार वैश्य कल्याण समिति: 15 मार्च को होनेवाले होली मिलन समारोह को रद्द कर दिया गया है। कोल्हान प्रमंडल के अध्यक्ष अरुण पोद्दार की सहमति से महासचिव श्रीकांत देव ने यह फैसला लिया है।

जेसीआई पहचान: 18 मार्च से होने वाले दो दिवसीय कार्यक्रम को रद्द कर दिया है। बिष्टुपुर स्थित होटल अल्कोर में दो दिवसीय क्वेस्ट लाइफटाइम एग्जीबिशन का आयोजन होना था। इसमें बाहर से कुछ स्टॉल धारक भी आनेवाले थे कोरोना की भयावहता को देखते हुए एहतियातन रूप से इस कार्यक्रम को अगली सूचना तक स्थगित कर दी गई है। यह जानकारी अध्यक्ष कविता धूत ने दी।

पटेल महापरिवार: पटेल महा परिवार की ओर से 15 मार्च को टेल्को कॉलोनी में आयोजित होने वाले होली मिलन समारोह को स्थगित करने का निर्णय लिया गया है। यह जानकारी संयोजक धर्मवीर सिंह एवं सह संयोजक शैलेन्द्र कुमार सिन्हा ने दी।

आनंद मार्ग प्रचारक संघ: विश्व स्तरीय सामाजिक आध्यात्मिक संस्था आनंद मार्ग प्रचारक संघ की जन्म स्थली बाबा नगर (जमालपुर) में धर्म महासम्मेलन 27, 28 व 29 मार्च को होना था। जागृति भवन, बाबा जन्म स्थली रोगन एवं अन्य तैयारियां युद्ध स्तर पर की जा रही थी। लेकिन सरकार की घोषणा के अनुसार इस महासम्मेलन को रद्द करने का फैसला लेना पड़ा।

ब्रम्ह भट्‌ट कल्याण समिति: समिति का होली मिलन समारोह 15 मार्च को होना था। लेकिन समिति ने इस कार्यक्रम को रद्द कर दिया है।

सभागार-बैंक्वेट हॉल की बुकिंग पर रोक

जिले में अगले 15 दिनों तक सभागार, बैंक्वेट हॉल व सामुदायिक विकास भवन की बुकिंग पर रोक लगा दी गई है। इस संबंध में डीसी रवि शंकर शुक्ला ने शनिवार को आदेश जारी कर दिया है। आदेश के मुताबिक अगले 15 दिनों तक बुकिंग पर पूरी तरह से पाबंदी लगा दी गई है। अगर विशेष परिस्थिति में किसी सभागार या बैंक्वेट हॉल की बुकिंग संचालकों द्वारा की जाएगी तो उसकी अनुमति प्रशासन से लेनी होगी। यह आदेश प्रशासन की ओर से संचालित होने वाले और निजी सभागार, बैंक्वेट हॉल पर समान रूप से लागू होगा। एक स्थान पर ज्यादा संख्या में लोगों के एकत्रित होने से रोकने के लिए प्रशासन ने एेसी व्यवस्था की है।

बैठक करतीं अग्रवाल समाज की महिलाएं।

अग्रवाल समाज फाउंडेशन की महिला इकाई श्री अग्रसेन महिला क्लब की बैठक बिष्टुपुर में शनिवार को हुई। बैठक में अध्यक्ष बिंदिया गढ़वाल ने फैशन फिएस्टा-2 अाैर मदर्स डे मनाने अाैर उसकी तारीख तय करने पर चर्चा की। वहीं कोरोना वायरस के चलते कार्यक्रमों की तिथि अगली बैठक में ली जाएगी। बैठक में सह सचिव दीपिका मित्तल, सोनी पोद्दार, अंकिता लोधा, अर्चना गुप्ता, सुनीता अग्रवाल, रंजीता मित्तल, सुषमा अग्रवाल, स्वाति अग्रवाल, पूनम बजाज, पूजा केडिया, ज्योति अग्रवाल, सिंपल रींगसिया, सुषमा अग्रवाल मौजूद थीं।

फैशन फिएस्टा-2 अाैर मदर्स डे कार्यक्रम की तिथि बाद में घोषित होगी
खबरें और भी हैं...