जुस्को में कर्मियों के ग्रेड रिवीजन पर आज होगी निर्णायक बैठक
टाटा स्टील की शत प्रतिशत सब्सिडियरी कंपनी जुस्को में ग्रेड रिवीजन समझौता को लेकर गुरुवार को दोपहर तीन बजे होने वाली मीटिंग निर्णायक होगी। बैठक में ग्रेड पर सहमति होने के साथ ही मिनट्स तैयार कर 13 मार्च को समझौता हो जाएगा।
अगर सहमति नहीं बनती है तो मामला चुनाव तक के लिए टल सकता है। जुस्को श्रमिक यूनियन के अध्यक्ष रघुनाथ पांडे ने कहा कि ग्रेड मामले में अब तक एमजीबी व टीपीआर पर सहमति नहीं बन सकी है, जिससे 12 मार्च की दोपहर 3 बजे एक बार फिर बैठक होगी। उन्होंने कहा कि सम्मानजनक समझौता होने पर 14 मार्च को होने वाले एजीएम से पहले
समझौता हो जाएगा, वर्ना चुनाव बाद समझौता होगा। हालांकि सूत्रों का कहना है कि कंपनी प्रबंधन की ओर से 9 प्रतिशत एमजीबी दिया जा रहा है और प्रबंधन 11 प्रतिशत पर अड़ा हुआ है। ऐसे में दोनों पक्ष अगर एक-एक प्रतिशत को इग्नोर करते हैं तो ज्यादा संभावना है कि गुरुवार को होने वाली
निर्णायक बैठक में सहमति बन जाएगी। क्योंकि अब तक अधिकतर प्वाइंट्स पर समहति बन चुकी है। ऐसे में
अगर मामला लंबित होता है और चुनाव बाद समझौता होता है तो कर्मचारियों को फिर महीनों समझौता के लिए इंतजार करना पड़ सकता है।