गोलमुरी में दो राउंड फायरिंग, एक खोखा मिला
गोलमुरी मुस्लिम बस्ती में शनिवार को करीब 10 बजे रात में दो राउंड गोली चलने की सूचना मिली है। पुलिस ने मुस्लिम बस्ती के बिल्डिंग मैटेरियल की दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरा के फुटेज में गोलीचालन की घटना की जांच की, लेकिन सीसीटीवी फुटेज में घटना कैद नहीं हुई है। वहां कुछ युवकों को भागते हुए देखा गया है। प्रत्यक्षदर्शियों ने जिस स्थान पर गोलीचालन की घटना बताई उस स्थान पर पुलिस को एक खोखा भी मिला है।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि मुस्लिम बस्ती के कुछ युवकों की बाहरी युवकों के साथ मारपीट हुई थी। मारपीट की इस घटना में एक युवक के सिर में चोट लगी थी। इसके बाद तीन बाइक पर सवार नौ युवक और कुछ अन्य युवक पैदल ही मुस्लिम बस्ती मेन रोड पर आए और श्रीकृष्णा फार्मा के समीप दो राउंड गोली चलाकर भाग गए। स्थानीय लोगों ने इसकी जानकारी गोलमुरी पुलिस को दी तो पुलिस भी मौके पर पहुंच कर मामले की छानबीन शुरू की। इसी क्रम में पुलिस वालों ने सीसीटीवी फुटेज को खंगाला। सीसीटीवी फुटेज में युवकों को भागते देखा गया है, पर उनकी पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच कर रही है।
कदमा : दूध डेयरी के पास केक लेकर खड़े युवक से मारपीट-छिनतई
कदमा थाना क्षेत्र के इसीसी फ्लैट के समीप सुधा डेयरी के पास बर्थडे पार्टी का केक लेकर खड़े युवक से मारपीट कर छिनतई की गई। मारपीट करने वाले सभी नाबालिग हैं और धातकीडीह के रहने वाले हंै। घटना के संबंध में घायल साकची रोड नंबर दो निवासी हरशरण सिंह ने कदमा पुलिस को लिखित शिकायत की है। सभी नाबालिग को रविवार सुबह थाना बुलाया गया है। इधर, घायल ने सभी हमलावरों पर धार्मिक भावना को ठेस पहुंचाने का भी अारोप लगाया है। हरशरण सिंह ने पुलिस को बताया है कि वह साकची से कदमा में दोस्त का जन्मदिन मनाने अाया था। केक लेने के बाद साथियों संग सुधा डेयरी के पास खड़ा था। तभी धातकीडीह के पूर्व परिचित युवक अाए और उसके साथ गाली गलौज करते हुए मारपीट करने लगे। घटना के बाद भीड़ जुट गई, जिसपर सभी युवक वहां से भाग गए। पुलिस मामले की जांच कर रही है। इसके बाद आगे की कार्रवाई होगी।
सीसीटीवी फुटेज देखती पुलिस।
सीसीटीवी फुटेज में भागते युवक।