एनपीआर में पिता से संबंधित जो जानकारी मांगी जा रही है उससे देश की आधी आबादी वंचित रह जाएगी: प्रो. ताहिर
मानगो गांधी मैदान में सीएए और एनपीआर के खिलाफ चल रहे इंकलाबी जन सत्याग्रह का शुक्रवार को दूसरा दिन था। शांतिपूर्वक विशाल जनसत्याग्रह में महिलाओं ने भी अपनी भागीदारी निभाई। वहीं, आॅल इंडिया माइनाॅरिटी सोशल वेलफेयर फ्रंट के अध्यक्ष मोहम्मद नासिर ने कहा कि इस जन सत्याग्रह को दिल्ली के शाहीनबाग में हो रहे प्रदर्शन का नाम न दिया जाए। इसको लेकर शहर में गलत अफवाह फैलाई जा रही है। वहीं, प्रोफेसर ताहिर खान ने कहा कि आज के एनपीआर में पिता से संबंधित जो जानकारी मांगी जा रही है, उससे हिंदुस्तान की आधी आबादी वंचित रह जाएगी। यह सबके लिए परेशानी बन कर आएगा। आंदोलन सिर्फ एक समुदाय व एक जाति विशेष का नहीं है। मां और बहनों की शादी के बाद उनके पति का नाम उनके नाम के साथ जुड़ जाता है। और आज जो दस्तावेज मांगे जा रहे हैं उसमें पिता का नाम व जन्मस्थान का भी उल्लेख करने का जिक्र है। सभा में डॉ. हक मोहम्मद नियाज, मोहम्मद अकमल, रफीक, मोहम्मद कामिल, संतोष कुमार, संजीव सिंह, अजय सिंह, जनक सिंह, राजेंद्र सिंह, मोहम्मद मकबूल, मोहम्मद जावेद, शमा परवीन, कहकशा खानम, आफरीन परवीन, बाबर खान अादि माैजूद थे।
मानगो गांधी मैदान में जनसत्याग्रह।