आईएमए जमशेदपुर का चुनाव अगले आदेश तक रद्द, नामांकन चालू रहेगा
जमशेदपुर | कोरोना वायरस के कारण 29 मार्च को होने वाला इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आइएमए) की जमशेदपुर शाखा का चुनाव अगले आदेश तक के लिए स्थगित कर दिया गया है। इस संबंध में आईएमए जमशेदपुर के अध्यक्ष डाॅ. उमेश खान ने बताया कि कोरोना वायरस की वजह से पूरे देश में भीड़भाड़ वाले कार्यक्रम आयोजित करने से परहेज किया जा रहा है। एसोसिएशन के अनुसार नामांकन की तिथि नहीं बदली जाएगी। 15 मार्च तक नाम वापसी की अंतिम तिथि है। अब तक अध्यक्ष पद के लिए डॉ. जीसी माझी, डॉ. ओपी पात्रा, डॉ. मिंटू अखौरी सिन्हा व डॉ. साहिर पॉल ने नामांकन किया है। वहीं, उपाध्यक्ष पद के लिए डॉ. मनोज कुमार, डॉ. ओपी पात्रा, डॉ. मिंटू अखौरी सिन्हा, डॉ. सलाउद्दीन बेग, डॉ. साहिर पॉल ने नामांकन किया है। जिन डॉक्टरों ने दो पदों पर नामांकन किया है उन्हें किसी एक पद से अपना नाम वापस लेना होगा। सचिव पद के लिए डॉ. संतोष गुप्ता, डॉ. सौरव चौधरी व डॉ. शरद ने नामांकन किया है। संयुक्त सचिव के लिए डॉ. राम नरेश राय, डॉ. राजेश मोहंती, डॉ. दीपक कुमार, डॉ. सुरेश कुमार शामिल है।