आयुष्मान कार्डधारी की पत्नी का मेडिट्रिना, मेडिका, किडनी केयर ने नहीं किया इलाज
मेडिका में 25 हजार रुपए जमा करने को कहा
बिष्टुपुर के पुजारी उद्दयन की प|ी साधना देवी की रविवार रात अचानक तबीयत खराब हो गई थी। उसे किडनी की परेशानी है। आयुष्मान कार्डधारी पुजारी इलाज के लिए मेडिट्रिना अस्पताल गए, जहां अस्पताल की ओर से कहा गया कि 35 हजार रुपए जमा कीजिए तब इलाज शुरू होगा। उन्होंने आयुष्मान कार्ड दिखाया तो रिसेप्शन पर मौजूद कर्मचारी ने किसी से फोन पर बात करने के बाद कहा कि स्पेशलिस्ट डाॅक्टर शहर से बाहर हैं, अभी इलाज नहीं हो सकता। फिर मेडिका अस्पताल गए, जहां कर्मचारियों ने तत्काल एडमिट कर 25 हजार
रुपए जमा करने को कहा। पुजारी ने कार्ड दिखाया ताे अस्पताल ने कहा कि मरीज को डायलिसिस की जरूरत है।
इसके लिए आईसीयू में एडमिट करना होगा और अभी आईसीयू में बेड नहीं है, तत्काल दूसरी जगह से ले जाइए। अस्पताल के कर्मचारियों ने मरीज को तत्काल किडनी केयर ले जाने की सलाह देकर वहां से भेज दिया। प|ी को लेकर पुजारी किडनी केयर पहुंचे, जहां डाॅक्टर नहीं होने की बात कह इलाज करने से मना कर दिया गया। फिर वे एक निजी अस्पताल लेकर गया, जहां तत्काल 10 हजार रुपए जमा करने पर इलाज शुरू किया गया। साथ ही 24 घंटे के अंदर 50 हजार रुपए जमा करने को कहा गया है। पुजारी ने बताया कि उनके पास इतने पैसे नहीं थे, इसलिए एक यजमान से उधार लेकर प|ी को अस्पताल में एडमिट कराएं। अस्पताल प्रबंधन की ओर से इलाज के लिए 80 हजार रुपए खर्च होने का अनुमान बताया गया है। पुजारी ने कहा कि पूरे मामले की जानकारी मीडिया के साथ स्वास्थ्य मंत्री के सचिव को भी दी गई पर किसी तरह की सहायता नहीं मिली।
किस पदाधिकारी का क्या कहना
मेरे पास काेई शिकायत नहीं : सिविल सर्जन
सिविल सर्जन डाॅ. महेश्वर प्रसाद ने कहा कि मुझे किसी मरीज या परिजन की ओर से इसकी शिकायत नहीं की गई है। मामले की जांच कर जो भी दोषी पाए जाएंगे उनके खिलाफ कार्रवाई होगी।
पैसे के लिए वापस नहीं किया जाता: मेडिका
मेडिका अस्पताल के मैनेजर राकेश झा ने कहा कि योजना से जुड़े हर मरीज को एडमिट किया जाता है। पैसे के लिए वापस नहीं किया जाता है। किसी को वापस किया गया है तो दोषी के खिलाफ कार्रवाई करेंगे।
कम्युनिकेशन नहीं कर पाए : मंत्री के सचिव
स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता के सचिव संजय ने कहा कि मामले की जानकारी उन्हें मिली थी, पर वे देर रात होने के कारण कम्युनिकेट नहीं कर पाए। वैसे जल्द ही समस्या का समाधान किया जाएगा।
बीमारी से पीड़ित साधना देवी