पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

अध्यक्ष के लिए रघुनाथ पांडे फिर को-ऑप्ट

एक वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

को-ऑप्शन के लिए कोई दूसरा नाम नहीं आया

जुस्को श्रमिक यूनियन की वार्षिक आमसभा (एजीएम) एकाउंट्स पर विपक्ष की नोंक-झोंक के बीच संपन्न हो गई। वहीं एकबार फिर निवर्तमान अध्यक्ष रघुनाथ पांडे का सर्वसम्मति से को-ऑप्शन कर लिया गया। निर्वाचन पदाधिकारी सीएस झा और उप निर्वाचन पदाधिकारी अश्विनी मथान के बार-बार पूछे जाने के बावजूद जब कोई दूसरा नाम नहीं आया तब उन्होंने रघुनाथ पांडे के को-ऑप्शन होने की घोषणा की।

जिला पुलिस बल और जुस्को सिक्युरिटी की तैनाती के बीच सीसीटीवी कैमरा की निगरानी में एजीएम की प्रक्रिया संपन्न हुई। एजीएम जुस्को ग्रीन में हुई। हालांकि विपक्ष ने 20 प्रतिशत सदस्यों के ही हाथ उठाकर समर्थन करने की बात कही है। शाम चार बजे मंच पर अध्यक्ष रघुनाथ पांडे पहुंचे। उन्होंने एजीएम की कार्रवाई शुरू की। सबसे पहले उन्होंने तमाम लोगों से कोरोना से बचने और परहेज करने की अपील की। इसके बाद एजेंडा वाइज सबसे पहले मृत सदस्यों के लिए शोक प्रस्ताव पेश किया। इसके बाद यूनियन के तीन वर्षों के कार्यकाल के आय-व्यय का ब्योरा पेश किया। कर्मचारी डीके सिंह, फिरोज अली खान समेत कुछ सदस्यों ने एकाउंट्स पर आपत्ति जताई और वाउचर के साथ ब्योरा मांगा।

अध्यक्ष रघुनाथ पांडे ने कहा कि आय-व्यय का ब्योरा यूनियन के नोटिस बोर्ड और कंपनी के सभी विभागों के नोटिस बोर्ड पर भी चिपका दिया गया है। वे नोटिस बोर्ड पर देख सकते हैं। इसके बाद भी अगर किसी सदस्य को कोई और जानकारी चाहिए तो वे यूनियन कार्यालय जाकर पदाधिकारियों से मिलकर स्पष्ट हो सकते हैं। इसके बाद अध्यक्ष ने यूनियन चुनाव पर कार्यकारिणी समिति द्वारा लिए गए निर्णयों को पढ़कर सुनाया। साथ ही निर्वाचन पदाधिकारी सीएस झा और उप निर्वाचन पदाधिकारी अश्विनी मथान को मंच पर चुनाव प्रक्रिया शुरू करने के लिए आमंत्रित किया।

26 को पदाधिकारी और 27 को कमेटी मेंबर के लिए होगा मतदान

निर्वाचन पदाधिकारी सीएस झा और उपनिर्वाचन पदाधिकारी अश्विनी मथान के हस्ताक्षर से देर शाम चुनाव अधिसूचना समेत कार्यक्रम जारी कर दिया गया। कार्यक्रम के मुताबिक 26 मार्च को 12 पदाधिकारियों और 27 मार्च को 23 कमेटी मेंबर के लिए मतदान होगा। मतदान सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक होगा। 27 मार्च को ही दोनों की मतगणना शाम 5 बजे से शुरू होगी। कमेटी मेंबर के लिए नामांकन शुल्क प्रति फॉर्म 400 रुपए और पदाधिकारी के लिए 800 रुपए होंगे। 16 मार्च को मतदाता सूची का प्रकाशन, 17 मार्च को चुनाव क्षेत्र का प्रकाशन, 18 मार्च को चुनाव क्षेत्र और मतदाता सूची की त्रुटियों की शिकायत, 19 मार्च को मतदाता सूची व चुनाव क्षेत्र का अंतिम प्रकाशन, 20 मार्च को नामांकन पत्रों का वितरण, 21 मार्च को जमा करने की तिथि, 22 मार्च को नामांकन पत्रों की जांच तथा इसके उपरांत प्रस्तावित उम्मीदवारों की सूची का प्रकाशन, 23 मार्च को नाम वापस लेने की तिथि और इसके उपरांत प्रस्तावित उम्मीदवारों की अंतिम सूची का प्रकाशन।

सीएस व मथान ने रखा को-ऑप्शन का प्रस्ताव

निर्वाचन पदाधिकारी ने चुनावी कार्यवाही शुरू करते हुए को-ऑप्शन का प्रस्ताव पेश किया। इस प्रस्ताव पर सूरज सिंह, रविकांत शुक्ला, सूर्य प्रकाश, पीके बनर्जी, अखिलेश राय, प्रवीण राय, सारो हांसदा, विवेक समेत कई सदस्यों ने रघुनाथ पांडे का नाम प्रस्तावित किया, जिस पर सर्वसम्मति से मौजूद सदस्यों ने समर्थन किया। इसके बाद आरओ ने सदस्यों के समक्ष को-ऑप्शन के लिए और नाम होने के बारे में कई बार पूछा। आखिरकार कोई दूसरा नाम नहीं आने पर उनके नाम की घोषणा की। बाद में को-ऑप्शन होने संबंधी पत्र रघुनाथ पांडे को सौंपा। आरओ ने सदस्यों से कहा कि वे यूनियन ऑफिस आकर चुनाव कार्यक्रम से संबंधित जानकारी लेते रहें।

यूनियन के विपक्षी गुट ने कहा- 20 प्रतिशत सदस्यों का ही मिला समर्थन

आरओ द्वारा को-ऑप्शन की घोषणा करते ही समर्थकों ने रघुनाथ पांडे को कंधे पर उठा लिया। हालांकि विपक्ष ने दावा किया कि सिर्फ 20 प्रतिशत सदस्यों ने ही रघुनाथ पांडे के को-ऑप्शन का समर्थन किया।


समर्थकों ने रघुनाथ को कंधे पर उठाया

जुस्को श्रमिक यूनियन के एजीएम में बोलते अध्यक्ष रघुनाथ पांडे।

दोपहर दो बजे से ही कर्मचारियों का आना शुरू हो गया था। कोरोना से बचाव के लिए जगह-जगह सेनेटाइजर कीट रखे गए थे। कर्मचारियों के हस्ताक्षर के लिए 11 स्टॉल बनाए गए थे। हस्ताक्षर करने के बाद कर्मचारियों को 200 रुपए का स्वीट कूपन दिया गया। कुल 685 सदस्यों में से 574 ने हस्ताक्षर किए।

यूनियन के 685 सदस्यों में से 574
ने किए हस्ताक्षर
खबरें और भी हैं...