कोरोना के तीन संदिग्ध मरीजों की रिपोर्ट निगेटिव, सैंपल अब पुणे भेजा
कोरोना वायरस के चलते कोल्हान विश्वविद्यालय (केयू) में परीक्षाएं रद्द नहीं होंगी। यदि कोई विद्यार्थी मास्क लगा कर परीक्षा देना चाहता है, तो इसकी अनुमति दी जाएगी। यह गाइडलाइन कोल्हान विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक की ओर से जारी किया गया है। इसके अलावा सभी परीक्षा केंद्रों में हाथ धोने के लिए सेनेटाइजर की व्यवस्था रखने का निर्देश दिया गया है। शौचालयों की सफाई पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा। यदि स्कूलों में परीक्षार्थी को किसी तरह की परेशानी होती है, तो तुरंत उन्हें अस्पताल भेजने की व्यवस्था करनी होगी। मालूम हो कि कोल्हान विश्वविद्यालय में 17 मार्च से यूजी फर्स्ट सेमेस्टर, 19 मार्च से पीजी फर्स्ट सेमेस्टर, 20 मार्च से बीएड और 23 मार्च से एमबीबीएस की परीक्षाएं शुरू हो रही हैं। इसमें 40 हजार बच्चे शामिल होंगे। कोरोना को देखते हुए विषयवार छात्रों की संख्या को छांटा गया है।
संदिग्ध मरीजों में एक बारीडीह का, दो दिन पूर्व मलेशिया से लौटा था शहर
हेल्थ रिपोर्टर | जमशेदपुर
एमजीएम मेडिकल कॉलेज के वायरोलॉजी लैब में शनिवार को हुई कोरोना के तीन संदिग्ध मरीजों की जांच निगेटिव पाई गई। इसमें से दो नमूना रांची स्थित रिम्स से आया था, जबकि एक संदिग्ध जमशेदपुर के बारीडीह का रहने वाला है। वह दो दिन पूर्व ही मलेशिया से लौटा है। माइक्रो बायोलॉजी विभाग की अध्यक्ष डॉ. रीता चौहान ने बताया कि जमशेदपुर लैब में जांच के बाद तीनों मरीजों का नमूना क्रॉस चेकिंग के लिए पुणे लैब भेजा जाएगा। इधर, रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद न केवल स्वास्थ्य विभाग बल्कि जिला प्रशासन, चिकित्सक व शहरवासियों ने भी राहत की सांस ली। जिला सर्विलांस विभाग के डॉ. असद ने बताया कि चीन, जापान, इटली, इंडोनेशिया, मलेरिया, कोरिया सहित अन्य देशों से आने लोगों पर नजर है। इन देशों से आने वाले लोगों को अगले 28 दिन तक घरों में ही रहने की सलाह दी जा रही है।
टाटा मोटर्स में बाहरियों की इंट्री पर सख्ती ट्रैवल हिस्ट्री-मेडिकल सर्टिफिकेट पर प्रवेश
सिटी रिपोर्टर | जमशेदपुर
टाटा मोटर्स, जमशेदपुर प्लांट में बाहर से आने वाले किसी भी क्लाइंट, गेस्ट, विजिटर और जांच अधिकारी की इंट्री काफी सख्त हो गई है। अब पूरा ट्रैवल हिस्ट्री और मेडिकल सर्टिफिकेट के बाद ही वे टाटा मोटर्स प्लांट के अंदर जा सकेंगे। सोमवार से यह व्यवस्था लागू हो जाएगी। अब कर्मचारियों को खाने के दौरान एक दूसरे से एक मीटर की दूरी बनाए रखने को कहा गया है। इससे अब कैंटीन के अंदर जगह की कमी होगी। एक साथ कर्मचारियों की संख्या भी कम हो जाएगी। सूत्रों की मानें तो कंपनी प्रबंधन सोमवार से लंच का समय 30 मिनट से बढ़ाकर 1 घंटा करना चाहती है। जरूरी तैयारियां भी की जा रही हैं। कंपनी परिसर में कर्मचारियों को एक स्थान पर जमा नहीं होने को कहा है। मीटिंग नहीं करने को कहा है। कंपनी द्वारा आयोजित कई कार्यक्रम स्थगित कर दिए हैं। चिकित्सक व कर्मचारी सभी मास्क लगाकर ड्यूटी कर रहे हैं।
केयू में कोरोना के चलते रद्द नहीं होंगी परीक्षाएं, मास्क पहनकर दे सकेंगे टेस्ट
विदेश से आने वाले लोगों पर विभाग की नजर
कैंटीन में 1 मीटर की दूरी पर बैठेंगे कर्मी