जमशेदपुर वीमेंस यूनिवर्सिटी में वीसी और रजिस्ट्रार पद पर बहाली प्रक्रिया 20 मार्च से
जमशेदपुर वीमेंस यूनिवर्सिटी में वीसी अाैर रजिस्ट्रार के पद पर नियुक्ति प्रक्रिया 20 मार्च के बाद शुरू होगी। अप्रैल के अंत तक दाेनाें पदाें पर नियुक्त हो जाएगी। पांच मार्च, 2020 को उच्च तकनीकी शिक्षा व कौशल विकास विभाग की बैठक में यह निर्णय लिया गया है। इस संबंध में राज्य सरकार के प्रधान सचिव शैलेश कुमार सिंह ने राज्यपाल सचिवालय को पदों की सृजन से संबंधी अधिसूचित अधिनियम की प्रति उपलब्ध कराई गई। ताकि इन पदों पर नियुक्ति के लिए आगे की प्रक्रिया शुरू हाे सके। तैयार प्रस्ताव के अनुसार इस यूनिवर्सिटी में शिक्षकों के 500 से अधिक नए पद होंगे। साथ ही साथ तृतीय व चतुर्थ वर्गीय पद के लिए लगभग 100 कर्मचारियों के पद होंगे। इन पदों पर अब सरकार की ओर से जेपीएससी के माध्यम से बहाली हाेगी। यूजीसी के नए प्रावधानों और कोर्स के अनुसार सारे पद सृजित किए गए हैं। इस विश्वविद्यालय में कौशल विकास के कोर्स पर खास ध्यान दिया गया है। पीजी में सात नए विभागों का सृजन किया गया है। इसमें एक-एक विभाग में 70 शिक्षकों की आवश्यकता होगी। इसके अलावा अनुमोदित प्रस्ताव में वीमेंस यूनिवर्सिटी के लिए प्रोवीसी, वित्त पदाधिकारी, परीक्षा नियंत्रक सहित कई पदों का भी सृजन किया गया है।