एसटी-एससी व ओबीसी छात्रों की छात्रवृत्ति का भुगतान 1 सप्ताह में
जिले के एसटी-एससी व ओबीसी छात्रों के बीच छात्रवृत्ति राशि का वितरण एक सप्ताह के अंदर करने का आदेश डीसी रवि शंकर शुक्ला ने दिया है। डीसी बुधवार को उपायुक्त कार्यालय में कल्याण विभाग व आईटीडीए के जुड़े मामलों की समीक्षा कर रहे थे। मौके पर डीआरडीए की निदेशक अनिता सहाय भी उपस्थित थी। डीसी ने जिले के सभी शिक्षा प्रसार पदाधिकारियों को कहा कि छात्रों के बैंक अकाउंट में राशि हर हाल में भेज दी जाए।
छात्रों का आधार कार्ड बनाने के लिए कैंप लगाने का भी आदेश डीसी ने दिया। डीसी ने कहा कि कोरोना वायरस से छात्रों को बचाने के लिए आधार कैंप में सैनिटाइजर अथवा हैंडवाश उपलब्ध कराया जाए। डीसी ने पोस्ट एवं प्री मैट्रिक छात्रवृत्ति से संबंधित प्रतिवेदन उपलब्ध कराने का आदेश दिया। डीसी ने लंबित छात्रवृत्ति के कारण सहित प्रतिवेदन उपलब्ध कराने को भी कहा है। डीसी ने जिला कल्याण पदाधिकारी राजेश पांडेय को चिकित्सा सहायता अनुदान राशि के संबंध में विशेष रूप से प्रखंड और पंचायत भवन के साथ सीएससी, पीएसी में व्यापक प्रचार-प्रसार करने का आदेश दी, जिससे जरूरतमंद लोग इस योजना का लाभ उठा सकें। डीसी ने पोटका स्थित सबर नगर के आवासों की मरम्मत और स्ट्रीट लाइट को ठीक करने से संबंधित प्रस्ताव देने को कहा है।