एमजीएम की सेविका के पास मिली सात दिन की बच्ची
मानगो थाना के गुरुद्वारा रोड स्थित हरदेव बागान में शनिवार काे सात दिन की दुधमुही बच्ची को लेकर जमकर हंगामा हुअा। पुलिस मौके पर पहुंची और बच्ची, उसे पालने वाली महिला सोनी सरकार और साेनी की मां अपर्णा सरकार काे थाना ले आई। अपर्णा सरकार एमजीएम अस्पताल की सेविका भी है। पूछताछ के बाद पुलिस ने दोनों को छोड़ दिया। पुलिस ने बच्ची को चाइल्ड लाइन को सौंप दिया। बताया जाता है कि भाजपा नेत्री लक्की सिंह की सूचना पर पुलिस ने बच्ची को बरामद किया। बच्ची को पालने वाली सोनी सरकार पुलिस को देखकर मौके से भागने लगी। अासपास के लोगों ने उसे पकड़ लिया। इसी बीच वहां हंगामा हो गया। भाजपा नेत्री लक्की सिंह भी थाना पहुंची थी। उसने पुलिस से कहा सोनी सरकार की एक रिश्तेदार ने बताया था कि वह अपने घर में चोरी की बच्ची को रखी है। इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी। उसे शक है कि अपर्णा सरकार ने एमजीएम अस्पताल से बच्ची की चोरी की है और उसे बेचना चाहती थी। उधर, अपर्णा सरकार ने बताया कि उसने बच्ची की चोरी नहीं की है। एमजीएम अस्पताल के पीछे कुछ दिन पहले एक महिला ने बच्ची उसे दिया था। इसके बाद बच्ची को पालने के लिए उसने अपनी बेटी सोनी सरकार को दे दी। थाना प्रभारी अखिलेश कुमार ने बताया कि बच्ची को लेकर कोई शिकायत दर्ज नहीं हुई है। उसे चाइल्ड लाइन को सौंप दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।
पुलिस ने दुधमुंही बच्ची को भेजा चाइल्ड लाइन
{पुलिस को देखकर भागने लगी थी बच्चा चोरी की आरोपी महिला
{ हंगामे के बावजूद पुलिस ने आरोपी मां-बेटी को छोड़ दिया
{ शिकायतकर्ता ने महिला पर बच्ची चुराने का आरोप लगाया