टाटा मोटर्स में आज व कल ब्लॉक क्लोजर
टाटा मोटर्स, जमशेदपुर प्लांट में गुरुवार और शुक्रवार को दो दिनों का ब्लॉक क्लोजर लिया गया है। इस सबंध में टाटा मोटर्स प्रबंधन ने सूचना जारी कर दी है। कंपनी शनिवार को खुलेगी। इसके बाद रविवार को साप्ताहिक अवकाश रहेगा। मालूम हो कि फरवरी में 14, 15, 26 और 29 फरवरी को कंपनी में ब्लॉक क्लोजर था।
कंपनी की ओर से जारी अधिसूचना में बताया गया है कि टाटा मोटर्स प्रबंधन व यूनियन के बीच 17 जून 1988 को हुए समझौते को आधार बताते हुए ब्लॉक क्लोजर लिया जा रहा है। इसमें कर्मचारियों के ब्लॉक क्लोजर के दिन आधे दिन का वेतन दोनों दिन मिलेगा। इस दौरान किसी तरह की छुट्टी कर्मचारी को नहीं मिलेगी। जिसे ब्लॉक क्लोजर के दौरान बुलाना होगा, उसे अलग से नोटिस दी जाएगी। वहीं लगातार हुए ब्लॉक क्लोजर का सबसे ज्यादा प्रभाव कंपनी के 5 हजार बाई सिक्स कर्मचारी व ठेका मजदूरों पर पड़ता है। इन्हें काम नहीं मिलने से सीधे तौर पर वेतन प्रभावित होता है। कंपनी बीएस-6 वाहनों को भी कम संख्या में बना रही है। बाजार और उत्पादन को देखते हुए उत्पादन अप्रैल के पहले सप्ताह से तेज होगी। इसके बाद ही कंपनी के काम में तेजी आएगी। टाटा मोटर्स से बर्खास्त यूनियन नेता हर्षवर्द्धन ने लगातार लिए जा रहे ब्लॉक क्लोजर को बाई सिक्स व अस्थायी मजदूरों के लिए बड़ा संकट बताया है। लगातार ब्लॉक क्लोजर से वर्तमान यूनियन को कोई लेना-देना नहीं है। यूनियन ने प्रबंधन के दबाव में ब्लॉक क्लोजर की अवधि को 54 दिन कराकर मजदूरों के साथ अन्याय किया है।