बिजली व्यवस्था सुधारने में टाटा पावर करे मदद : हेमंत
टाटा पावर के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सह प्रबंध निदेशक (एमडी) प्रवीर सिन्हा ने रांची जाकर मुख्यमंत्री (सीएम) हेमंत सोरेन से शनिवार को मुलाकात की। इस दौरान राज्य के मुख्य सचिव डॉ. डीके तिवारी भी मौजूद थे। इस दौरान सीएम हेमंत सोरेन और प्रवीर सिन्हा के बीच राज्य में बिजली व्यवस्था को सुचारू और दुरुस्त करने के टाटा पावर की भूमिका पर चर्चा हुई।
सीएम हेमंत सोरेन ने राज्य में निर्बाध बिजली जनता को उपलब्ध कराने में टाटा पावर को अहम भूमिका निभाने की बात कही। टाटा पावर के एमडी प्रवीर सिन्हा ने मुख्यमंत्री से कहा कि टाटा पावर झारखंड में बिजली व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए आधुनिक तकनीक का पूरा उपयोग और सहयोग करेगी। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में राज्य के गांव और सुदूर क्षेत्रों तक बिजली पहुंचाने, बिजली व्यवस्था का आधुनिकीकरण और व्यवस्था में कैसे सुधार हो इस पर विशेष चर्चा हुई। इस अवसर पर टाटा पावर के कॉर्पोरेट अफेयर क्षेत्रीय प्रबंधक राकेश रंजन और टीपीडीडीएल प्रोजेक्ट के रोशन कुमार और कुमार विक्रम उपस्थित थे।