दस महिलाओं की गोद भराई व 5 बच्चों की मुंहजुट्ठी हुई
गुरुवार को नाला प्रखंड के श्रीपुर पंचायत भवन में पोषण पखवाड़ा के तहत विभिन्न कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें मुख्य रूप से जिला समाज कल्याण पदाधिकारी स्नेह कश्यप उपस्थित थे। मौके पर डीएसडब्ल्यूओ के साथ सीडीपीओ सविता कुमारी, एसबीपी नलिनी चौबे आदि ने कुपोषण की हांडी फोड़ी एवं कहा इसका दहन करने का उद्देश्य कुपोषण से मुक्ति पाना है। बताया कि जामताड़ा जिला अन्तर्गत सभी प्रखंडों में इस माह पोषण का भी त्योहार मनाया जा रहा है। गत वर्ष की तरह इस वर्ष भी पोषण पर अलख जगाने के लिए 8 मार्च से 22 मार्च तक पोषण पखवाड़ा का आयोजन किया जा रहा है। इस दौरान पोषण से संबंधित जन-आन्दोलन गतिविधियों का वृहद स्तर पर आयोजन किया जाएगा।उन्होंने कहा कि इस पखवाड़े में आयोजित होने वाले विभिन्न पोषण गतिविधियों में पुरुषों की भागीदारी सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया जा रहा है। इसके तहत पुरुषों के बीच पोषण पकवान प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। जिसमें सोयाबीन की खीर बनाकर निमाई चन्द्र महतो ने प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं सुमन मुखर्जी ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। इसके पोषण पर आम जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से पोषण पखवाड़े का आयोजन किया जा रहा है। पखवाड़े के दौरान जिले से लेकर सामुदायिक स्तर पर विभिन्न पोषण गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। बताया गया महिला एवं बाल विकास मंत्रालय भारत सरकार द्वारा पोषण त्योहार से व्यवहार परिवर्तन के लिए पोषण के पांच सूत्र दिए हैं। जीवन के पहले 1000 सुनहरे दिन, पौष्टिक आहार, एनिमिया प्रबंधन, डायरिया रोकथाम एवं स्वच्छता को शामिल किया गया है। पखवाड़े के दौरान पोषण के इन पांच सूत्रों पर विशेष जन-जागरूकता बढ़ाई जाएगी। इस अवसर पर डीएसडब्लूओ एवं सीडीपीओ ने दस गर्भवती महिलाओं की गोदभराई एवं पांच बच्चो की मुंहजुट्ठी भी कराई। जिला समाज कल्याण पदाधिकारी स्नेह कश्यप ने बताया कि पोषण पखवाड़े में होने वाले गतिविधियों एवं विशेषकर 6 माह से 2 वर्ष तक के बच्चों को घर में पका खाना खिलाने, गर्भवती एवं धात्री महिलाओं को भी पका खाना खिलाने तथा भोजन में विविधता सहित पोषण के महत्व पर विस्तार से जागरूकता फैलाया जा रहा है। साथ ही खाना खिलाने एवं खाने से पूर्व तथा शौच के बाद साबुन से हाथ धुलने के अभ्यास पर जागरूक किया गया। उन्होंने बताया कि पोषण पखवाड़े के माध्यम से समाज में व्यापक जागरूकता एवं बेहतर परिणाम के लिए नई पहल भी की जाएगी। मौके पर स्वास्थ विभाग द्वारा एनीमिया जांच शिविर भी लगाया गया जिसमें काफी संख्या में लोगो ने एनीमिया की जांच कराई।इस अवसर पर सीडीपीओ सविता कुमारी, चिकित्सा पदाधिकारी डॉ दिनेन्दु साहा, एसबीपी नलिनी चौबे, महिला पर्यवेक्षिका कंचन कुमारी सहित आंगनवाड़ी सेविकाएं एवं अन्य मौजूद थे।
गोद भराई की रस्म करती पदाधिकारी।